September 18, 2026
National

गुना में केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने ‘नमो ड्रोन दीदी’ के साथ उड़ाया ड्रोन, महिलाओं की तकनीकी दक्षता की सराहना

केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को मध्य प्रदेश के गुना जिले के बरखेड़ा गिर्द गांव में आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर के दौरान ‘नमो ड्रोन दीदी’ किरण के साथ ड्रोन उड़ाकर उनके तकनीकी कौशल और आत्मविश्वास की सराहना की।

शिविर के दौरान नमो ड्रोन दीदी किरण ने केंद्रीय मंत्री के सामने ड्रोन संचालन का प्रदर्शन किया और उन्हें भी ड्रोन उड़ाने का अनुभव कराया। सिंधिया ने उनके तकनीकी ज्ञान, कार्यकुशलता और आत्मविश्वास की प्रशंसा करते हुए कहा कि ग्रामीण महिलाएं आधुनिक तकनीक को अपनाकर कृषि और ग्रामीण विकास में नई संभावनाएं पैदा कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने के साथ-साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नमो ड्रोन दीदी योजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से महिलाएं कृषि कार्यों में ड्रोन तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल कर रही हैं।

सिंधिया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास और आधुनिक तकनीक के विस्तार को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि नमो ड्रोन दीदियां आत्मनिर्भरता, नवाचार और महिला सशक्तिकरण की प्रेरणादायी मिसाल बन रही हैं।

केंद्रीय मंत्री ने विशेष रूप से किरण के आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण महिलाओं द्वारा आधुनिक तकनीक को सहजता से अपनाना बदलते भारत की सकारात्मक तस्वीर प्रस्तुत करता है।

Leave feedback about this

  • Service