गाजियाबाद के कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक रिसाइक्लिंग फैक्ट्री में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में फैक्ट्री के टीन शेड में रखा मोबाइल की बैटरी और सेल, मोटरसाइकिल समेत अन्य सामान आग की चपेट में आ गया। सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
फायर विभाग के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11.15 बजे एमडीटी-1487 के माध्यम से फायर स्टेशन कोतवाली को सूचना मिली कि सिल्वर सिटी मॉल के पीछे, सी-11/3 साउथसाइड जीटी रोड स्थित सीकेसीपीसी रिसाइक्लिंग टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड की फैक्ट्री में आग लग गई है। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन कोतवाली से एफएसओ के नेतृत्व में तीन फायर टैंकर तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किए गए। फायर टीम जब मौके पर पहुंची तो फैक्ट्री के टीन शेड में आग तेजी से जलती हुई दिखाई दी।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक फैक्ट्री में मोबाइल की बैटरी व सेल, मोटरसाइकिल तथा अन्य रिसाइक्लिंग सामग्री रखी हुई थी। इन सामानों में आग लगने के कारण लपटें तेजी से फैल रही थीं। आग की स्थिति को देखते हुए फायर यूनिट ने बिना समय गंवाए तत्काल बचाव और अग्निशमन अभियान शुरू किया। फायर कर्मियों ने एमएफई से होज पाइप फैलाकर आग पर पानी की बौछार शुरू की। आग लगातार फैल रही थी, इसलिए उसे नियंत्रित करने के लिए मैकेनिकल फोम का भी इस्तेमाल किया गया।
फायर कर्मियों की टीम ने कई दिशाओं से आग पर पानी और फोम डालकर आग की लपटों को नियंत्रित किया। लगातार प्रयास के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया गया।
सीएफओ सौरभ कुमार सिंह ने बताया कि फायर विभाग के लिए सबसे बड़ी चुनौती फैक्ट्री के पीछे की ओर बने ऑक्सीजन प्लांट को सुरक्षित रखना था। आग अगर ऑक्सीजन प्लांट तक पहुंचती तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। फायर यूनिट ने सावधानी बरतते हुए आग को प्लांट की ओर बढ़ने से रोका और ऑक्सीजन प्लांट को सुरक्षित बचा लिया।
फायर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी सीएफओ भी घटनास्थल पर मौजूद रहे और राहत व बचाव कार्य का जायजा लिया। फायर यूनिट ने एफएसओ के नेतृत्व में अभियान चलाते हुए आग को पूरी तरह बुझाया। फायर विभाग के अनुसार, घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। आग लगने के कारण फैक्ट्री में रखी सामग्री को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है। आग किस वजह से लगी, इसका तत्काल स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। फायर विभाग और संबंधित अधिकारी घटना के कारणों की जानकारी जुटा रहे हैं।


Leave feedback about this