दिल्ली पुलिस ने ‘इंडिया’ ब्लॉक के विरोध प्रदर्शन के दौरान हाल ही में कश्मीरी युवक के साथ हुई मारपीट के मामले में एफआईआर दर्ज की है। कश्मीरी युवक ने मारपीट के बाद पुलिस में शिकायत दी थी। दिल्ली पुलिस से जुड़े सूत्रों ने बताया कि कश्मीरी युवक युवक की शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
सूत्रों ने यह भी बताया कि शिकायतकर्ता ने खुद को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रशंसक बताया और आरोप लगाया कि गुरुवार को जब वह प्रधानमंत्री की तस्वीर लेकर विरोध प्रदर्शन वाली जगह पर पहुंचा, तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उसके साथ मारपीट की। हालांकि, पुलिस ने कहा कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जाएगी।
इससे पहले, श्रीनगर के रहने वाले फहीम नजीर ने पत्रकारों से कहा, “1998 में पहली बार राजीव गांधी ईवीएम लेकर आए थे। आप सभी के पास फुटेज है। मैंने राहुल गांधी को अपशब्द नहीं कहे, लेकिन मुझे बुरी तरह पीटा गया।” उन्होंने कहा, “राहुल गांधी से सवाल पूछे जाने चाहिए। यह अभिव्यक्ति की आजादी है।”
फहीम नजीर ने मारपीट की घटना के बाद कहा, “मैं लोगों को साजिश के बारे में जागरूक करने की पहल कर रहा हूं। भारत में नेपाल या बांग्लादेश जैसे हालात बनाने की साजिश चल रही है। मैं इस देश का नागरिक हूं और यह मेरी जिम्मेदारी है कि देश को नेपाल या बांग्लादेश नहीं बनने देना है।”
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे घटना के एक तथाकथित वीडियो में दिख रहा है कि भीड़ में मौजूद लोगों की ओर से कश्मीरी युवक को धक्का देते हुए और मारपीट करते हुए देखा गया था।
भाजपा नेताओं ने कश्मीरी युवक के साथ मारपीट की निंदा की। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किया और कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर ‘अराजक मानसिकता’ दिखाने का आरोप लगाया। भाजपा प्रवक्ता साजिद यूसुफ शाह ने भी कथित मारपीट की आलोचना की। उन्होंने असहमति और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के प्रति कांग्रेस की प्रतिबद्धता पर सवाल उठाए।


Leave feedback about this