October 13, 2026
National

जम्मू-कश्मीर सर्दी से पहले खारी-माहू-मंगित लिंक रोड की मरम्मत की मांग, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से लगाई गुहार

जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले की खारी तहसील के निवासियों ने उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार, जिला प्रशासन और बनिहाल के विधायक हाजी सज्जाद शाहीन से अपील की है कि वे सर्दियों की शुरुआत से पहले खारी-माहू-मंगित लिंक रोड की तुरंत मरम्मत और पक्की सड़क बनाने का काम पूरा करें। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की खस्ता हालत के कारण उनका रोजमर्रा का जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है और आने वाली बर्फबारी के मौसम में तहसील का संपर्क पूरी तरह टूट सकता है, जिससे एंबुलेंस और फायर सर्विस जैसी जरूरी सेवाओं तक पहुंच में भी रुकावट आएगी।

खारी के एक स्थानीय निवासी ने कहा कि खारी-माहू-मंगित रोड की हालत बेहद खराब है। जितने भी हमारे ड्राइवर भाई हैं, बस के ड्राइवर, सूमो ड्राइवर, ईको ड्राइवर, उन सभी को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। चाहे खारी के हों या आसपास के लोकल इलाकों के, यहां के लोग दिन-रात इस रोड से गुजरते हैं, लेकिन इसकी हालत बहुत खराब है।”

उन्होंने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से गुजारिश की कि जो दूर-दराज और पहाड़ी इलाके हैं, उन पर ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि चाहे सड़क की बात हो या बिजली की, उनकी रोजमर्रा की जिंदगी में काफी दिक्कतें आ रही हैं।

वहीं, खारी के रहने वाले मुख्तार अमन ने कहा कि उनकी सबसे बड़ी समस्या रोड कनेक्टिविटी की है। सड़क बिल्कुल खस्ता हालत में है और कई इलाके तो सड़क से पूरी तरह वंचित हैं। उन्होंने कहा, “हम प्रशासन, अपनी मौजूदा सरकार और केंद्र सरकार से अपील करते हैं कि इन सड़कों के बारे में जल्द से जल्द कोई हल निकाला जाए। जिन ठेकेदारों ने इस रोड के मेंटेनेंस का ठेका लिया है, वे बिल्कुल लापरवाह हैं। रोड की कोई देखरेख नहीं की जा रही है।”

उन्होंने चिंता जताई कि आने वाले समय में बर्फबारी होने पर तीन महीने तक उनका रोड संपर्क टूटा रहेगा। उन्होंने कहा कि अगर कोई हादसा हो जाता है तो यहां न तो फायर सर्विस पहुंच पाती है, न एंबुलेंस चलती है और न ही दूसरी गाड़ियां, क्योंकि बारिश के कारण सड़क की हालत और ज्यादा खराब हो जाती है, जिससे लोगों को बहुत बड़ी समस्या होती है।

वहीं, मोहम्मद अयूब नाइक ने कहा, “हमने कई बार प्रशासन से सवाल किया, उनसे अनुरोध किया कि इस रोड को ठीक किया जाए, लेकिन पिछले कई सालों से जब भी जरा सी बारिश होती है तो तहसील हेडक्वार्टर बाकी इलाकों से कट जाता है। हमारी प्रशासन से और खासकर हमारी उमर सरकार, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला साहब, एलजी मनोज सिन्हा साहब और डीसी रामबन से गुजारिश रहेगी कि इस रोड को ठीक किया जाए ताकि आने वाले वक्त में जब मौसम खराब हो तो किसी को कोई परेशानी न हो।”

Leave feedback about this

  • Service