महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता विजय वडेट्टीवार ने मालेगांव में विरोध प्रदर्शन के दौरान लगे ‘हमें चाहिए आजादी, टीपू वाली आजादी’ जैसे नारों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कोई किसी का फोटो लगाता है तो वह राष्ट्रद्रोही नहीं होना चाहिए। साथ ही, कांग्रेस नेता ने कहा कि टीपू सुल्तान के बारे में इतिहास गलत तरीके से पेश किया गया।
कांग्रेस नेता ने नागपुर में मीडिया से बात करते हुए कहा, “टीपू सुल्तान क्या देशद्रोही था? उसका इतिहास गलत तरीके से पेश किया गया। आजादी-आजादी क्या होनी चाहिए? यह सबको अपने-अपने हिसाब से चाहिए, लेकिन इस समय देश में जिस तरह का माहौल है, उसे माहौल को देखकर अगर आजादी की कोई मांग करता है तो सवाल यह आता है कि क्या आज हम लोग लोकतंत्र में हैं? क्या हम संविधान को मानते हैं?”
उन्होंने आगे कहा, “टीपू सुल्तान के बारे में क्या बोला गया है, वह मुझे पता नहीं, लेकिन अगर कोई आंदोलन करता है, कोई किसी का फोटो लगता है तो राष्ट्रद्रोही नहीं होना चाहिए। कोई नक्सली नहीं होना चाहिए। अब इतिहास पढ़ेंगे तो सबको पता चल जाता है।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को परिसीमन के नए प्रस्तावों पर सर्वदलीय बैठक के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के पत्र पर वडेट्टीवार ने कहा, “मोदी सरकार का मनमाना कार्यभार चल रहा है, तो विरोधी भी कम नहीं है। भाजपा को पूर्ण बहुमत भी नहीं मिला था। दूसरी पार्टियों के समर्थन से सरकार बनी। विपक्ष भी उतना ही मजबूत है। इसलिए विपक्ष और सत्ता पक्ष दोनों मिलकर अगर ऐसा कोई निर्णय लेते हैं तो बात करके आगे बढ़ना चाहिए।”
कांग्रेस नेता ने कहा, “सवाल यह आता है कि मल्लिकार्जुन खड़गे ने पत्र लिखकर एसआईआर की खामियों पर भी चर्चा की मांग की थी। सरकार डरती क्यों है, क्योंकि सरकार ने गलत किया है।”
दिल्ली में तिरंगा रैली से पहले ही अभिजीत दिपके और अन्य सीजेपी पदाधिकारियों को हिरासत में लिए जाने पर कांग्रेस नेता ने कहा, “आंदोलनकर्ताओं को दबाया जा रहा है और गिरफ्तार किया जा रहा है। आंदोलन से सरकार क्यों डरती है? क्या यह डर है कि देश का युवा एक साथ में रास्ते पर आएगा और सरकार की कुर्सी को धक्का देगा?”
उन्होंने कहा कि जितना सरकार इस तरह से दबाएगी तो यह आंदोलन बढ़ता जाएगा। जिस तरह लोगों को गिरफ्तार करेंगे और पीटेंगे तो लोगों का आक्रोश भी इस सरकार को देखना पड़ेगा। पुलिस की लाठियों से बच्चे डरेंगे नहीं और सरकार को यह समझ लेना चाहिए।


Leave feedback about this