October 17, 2026
National

यूपी : गाजियाबाद में इनामी बदमाश और बलिया में गो-तस्कर गिरफ्तार, मुठभेड़ में पुलिस की गोली से दोनों हुए घायल

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद और बलिया में पुलिस ने मुठभेड़ की अलग-अलग घटनाओं में एक लुटेरे और एक शातिर गौतस्कर को गिरफ्तार किया है। लुटेरे के ऊपर 10,000 रुपये का इनाम भी घोषित था। इन मुठभेड़ की घटनाओं के बाद दोनों अपराधी पुलिस की गोली लगने से घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गाजियाबाद क्राइम ब्रांच और थाना भोजपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने एक मुठभेड़ के दौरान लुटेरे को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। एसीपी सिद्धार्थ गौतम के मुताबिक, शुक्रवार देर रात थाना भोजपुर के किल्हौडा बॉर्डर क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर क्राइम ब्रांच और भोजपुर पुलिस सघन वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान हापुड़ की तरफ से एक बाइक सवार तेज गति से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया तो सवार बाइक को मोड़कर भागने लगा और फिसलकर गिर गया।

खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लगी और वह घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान राज उर्फ राजेन्द्र पाण्डे (22) निवासी दिल्ली वर्ष के रूप में हुई है। एसीपी ने बताया कि पूछताछ में बदमाश ने 28 जुलाई को थाना भोजपुर क्षेत्र में मार्ट में लूट की थी। इस मामले में वह वांछित था और उस पर 10,000 रुपये का इनाम भी घोषित था।

एसीपी ने बताया कि बदमाश के पास से लूटा गया मोबाइल, एक तमंचा 315 बोर, कारतूस और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है। बदमाश राज के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है और इसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

वहीं, बलिया में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गो-तस्कर को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में गो-तस्कर बाएं पैर में गोली लगने से घायल हो गया। सीओ बलिया सतीश कुमार ने बताया कि थाना गड़वार में दर्ज एक गोहत्या के वांछित आरोपी के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई। आरोपी शाहपुर नट बस्ती नहर पुलिया के पास खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग करने लगा। इसके बाद पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में बदमाश सगुनी नट के बाएं पैर में गोली लगी है।

पुलिस ने घायल गो-तस्कर को सीएचसी रतसड़ में प्राथमिक उपचार के लिए भेजा है, जहां उसका उपचार चल रहा है। पूछताछ के बाद ज्ञात हुआ कि आरोपी अपने साथियों के साथ आवारा गोवंशीय पशुओं को वाहन में लादकर वध हेतु बिहार ले जाता है। आरोपी के पास तमंचा और कारतूस बरामद हुआ है।

Leave feedback about this

  • Service