October 22, 2026
National

जम्मू-कश्मीर: उधमपुर में स्लीपर बस और टेंपो की टक्कर में चार महिलाएं घायल

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में गुरुवार को एक स्लीपर बस की टेंपो से टक्कर होने की वजह से कम से कम चार यात्री घायल हो गए। अधिकारियों की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, जिले के गरनाई में एक स्लीपर बस और एक टेंपो की टक्कर के बाद चार महिला यात्री मामूली रूप से घायल हो गईं।

बताया जा रहा है कि यह हादसा गुरुवार सुबह 7:30 बजे हुआ। घायल यात्रियों को इलाज के लिए उधमपुर के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) ले जाया गया। अधिकारियों ने कहा, “पुलिस ने घटना का संज्ञान लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है।”

वहीं, इससे पहले बुधवार को उधमपुर जिले की लट्टी-बसंतगढ़ तहसील में एक बस सड़क से उतरकर गहरी खाई में गिर गई थी, जिसमें दो यात्रियों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए थे। अधिकारियों ने जानकारी दी थी कि बस गहरी खाई में गिर गई थी। बुधवार सुबह 8 बजे गुल्ली गाला के पास यह हादसा हुआ। अधिकारियों ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू कर दिया।

उन्होंने 17 यात्रियों को बसंतगढ़ के एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद, सभी घायल यात्रियों को रामनगर अस्पताल ले जाया गया, जहां एक महिला और 6 साल की बच्ची की गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को घायलों के लिए बेहतरीन इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मोटर वाहन विभाग और यातायात अधिकारियों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में सड़क हादसे मानवीय भूल, कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और बुनियादी ढांचे से जुड़ी चुनौतियों के कारण होते हैं।

सड़क हादसों के मुख्य कारणों में तय सीमा से अधिक गति, लापरवाही से गाड़ी चलाना, अचानक दिशा बदलना, और राजमार्गों या तीखे मोड़ों पर बेपरवाही से वाहन चलाना शामिल हैं। यात्री और कमर्शियल वाहनों में क्षमता से अधिक भार (ओवरलोडिंग) होने से खासकर डोडा, किश्तवाड़, और राजौरी जैसे पहाड़ी जिलों में वाहन अपना संतुलन खो सकते हैं और खाई में गिर सकते हैं।

Leave feedback about this

  • Service