October 22, 2026
Entertainment

विजयादशमी पर पुरी पहुंचे बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा, श्रीमंदिर में भगवान जगन्नाथ के किए दर्शन

बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा ने विजयादशमी के मौके पर ओडिशा के पुरी में मौजूद श्रीमंदिर के दर्शन किए। उन्होंने भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना करने के साथ सभी के लिए, खासकर बच्चों के लिए, ईश्वरीय आशीर्वाद मांगा। इस दौरान गोविंदा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि विजयादशमी के अवसर पर प्रभु ने मुझ पर यह कृपा की कि मैं यहां आकर प्रार्थना और पूजा कर पाया। मैं धन्यवाद देता हूं इस भूमि का, यहां से जुड़े हुए हर वर्ग का और यहां के जो-जो कलाकार हैं, जहां-जहां है उनको।

उन्होंने कहा, “यहां जो राज्य कृपा है, वह सदैव रहे। जय मां। भूल-चूक क्षमा करना। मैं प्रार्थना करता हूं कि जो कृपा हम पर रही, वही मेरे बच्चों पर भी रहे।” इस दौरान उन्होंने ‘महामृत्युंजय मंत्र’ का भी जाप किया और सभी के मंगल की कामना की।

बता दें कि गोविंदा हिंदी सिनेमा के एक लोकप्रिय अभिनेता होने के साथ-साथ डांसर और राजनेता हैं। अपनी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग और पर्दे पर की जाने वाली कॉमेडी की बदौलत, उन्हें बॉलीवुड का ‘कॉमेडी किंग’ भी माना जाता है। 1990 के दशक में, उन्होंने कॉमेडी और व्यंग्य की अपनी अनूठी शैली से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और अपनी फिल्मों में कई तरह के अलग-अलग किरदार निभाए।

अभिनेता ने 1980 के दशक में एक एक्शन हीरो के रूप में अपने करियर की शुरुआत की, लेकिन 1990 के दशक में उन्होंने खुद को एक कॉमेडी हीरो के रूप में फिर से स्थापित किया। गोविंदा मुख्य रूप से ‘कुली नंबर 1’, ‘हीरो नंबर 1’, ‘आंटी नंबर 1’ और ‘अनाड़ी नंबर 1’ जैसी सुपरहिट मनोरंजक फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। एक्टर ने अपने तीन दशक लंबे करियर में 150 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। आज भी लोग फिल्मों में उनकी कॉमेडी और डांस मूव्स के दिवाने हैं।

Leave feedback about this

  • Service