October 26, 2026
Entertainment

गौरी के खुले बाल और सफेद शर्ट शाहरुख को नहीं थे पसंद, छोड़ने तक की दे दी थी धमकी

बॉलीवुड के सबसे पसंदीदा कपल्स में से एक शाहरुख खान और गौरी खान की प्रेम कहानी अक्सर चर्चा में रहती है। हालांकि, बहुत कम लोग जानते हैं कि अपने रिश्ते के शुरुआती दिनों में शाहरुख गौरी को लेकर बेहद पजेसिव थे। इस बात का खुलासा खुद अभिनेता ने एक इंटरव्यू में किया था।

जब शाहरुख और गौरी टीवी शो ‘रेंडीवू विद सिमी ग्रेवाल’ में पहुंचे थे, तब शो की होस्ट और वरिष्ठ अभिनेत्री सिमी ग्रेवाल ने उनके रिश्ते के शुरुआती दौर को लेकर बातचीत की थी। इस दौरान शाहरुख खान ने माना था कि वह एक पजेसिव प्रेमी थे। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था कि वह पजेसिव थे। उन्होंने यह भी बताया था कि वह गौरी को खुले बाल रखने या सफेद शर्ट पहनने की अनुमति नहीं देते थे।

शाहरुख ने कहा था, “मैं बहुत पजेसिव था। मैं बहुत इनसिक्योर था। मैंने गौरी से कहा कि अगर तुम मेरी गर्लफ्रेंड हो, तो तुम्हें खुले बाल रखने या सफेद शर्ट पहनने की अनुमति नहीं है।” शाहरुख खान की इस बात पर गौरी खान ने कहा था कि अगर आपने अपना व्यवहार नहीं बदला होता, तो वह उन्हें छोड़ देतीं।

पुरानी यादों का जिक्र करते हुए गौरी ने कहा था, “बॉयफ्रेंड के तौर पर शाहरुख खान बहुत परेशान करने वाले थे। उनकी सोच ठीक नहीं थी, ऐसे में मैंने उनसे साफ कह दिया था कि अगर उन्होंने खुद को नहीं बदला, तो मैं उन्हें दोबारा कभी नहीं मिलूंगी।” अगर उनकी लव स्टोरी की बात करें, तो साल 1984 में 18 वर्षीय शाहरुख खान की मुलाकात दिल्ली में एक दोस्त की पार्टी में 14 वर्षीय गौरी से हुई थी।

शुरुआत में शाहरुख उनके सामने काफी शर्मीले और घबराए हुए रहते थे, लेकिन धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए। उनके प्रेम संबंधों में कई उतार-चढ़ाव आए और एक समय ऐसा भी आया, जब दोनों अलग हो गए थे। हालांकि, बाद में उन्होंने अपने रिश्ते को फिर से संभाला और साथ रहने का फैसला किया।

कई चुनौतियों का सामना करने के बाद शाहरुख और गौरी ने 25 अक्टूबर 1991 को शादी कर ली। उनकी शादी में दोनों धर्मों का सम्मान करते हुए हिंदू रीति-रिवाजों के साथ निकाह समारोह भी आयोजित किया गया था। शाहरुख और गौरी तीन बच्चों के माता-पिता हैं। उनके बेटे आर्यन खान का जन्म 1997 में, बेटी सुहाना खान का जन्म 2000 में और छोटे बेटे अबराम खान का जन्म 2013 में हुआ।

Leave feedback about this

  • Service