अभिनेत्री विद्या मालवदे साइबर अपराध पर आधारित थ्रिलर सीरीज का नाम ‘स्कैम 2024 – द डिजिटल अरेस्ट स्टोरी’ में नजर आ रही हैं। अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर सेलेब्स पर होने वाली ट्रोलिंग पर बात की, जिसका सामना खासतौर पर एक्ट्रेसेस को अपने लुक को लेकर करना पड़ता है।
आईएएनएस के साथ बातचीत में अभिनेत्री ने बताया कि जब कोई कुछ लिखता है, तो वह उस व्यक्ति के बारे में कम बल्कि उसकी सोच को दिखाता है। दरअसल, अभिनेत्री से आईएएनएस ने सवाल पूछा, “एक्ट्रेसेस को अक्सर उनके लुक, निजी फैसलों या प्रेग्नेंसी के बाद वजन को लेकर ट्रोल किया जाता है। किसी की जिंदगी और बॉडी पर कमेंट करने की इस संस्कृति को आप कैसे देखती हैं?”
इस सवाल पर उन्होंने कहा कि उनके हिसाब से इसके दो पहलू हैं। अभिनेत्री विद्या मालवदे ने कहा, “अगर कोई मेरे बारे में कुछ लिखता है, तो इस पर उसका नजरिया दिखाता है। वे मेरे बारे में क्या लिखते हैं, यह उनकी समस्या है, मेरी नहीं। अगर कोई कुछ अच्छा लिखता है, तो वह उसके सकारात्मक विचार हैं, जो कि उसके अंदर से आते हैं। मुझे लगता है कि लिखने वालों के शब्द ही उनकी सोच को दिखाते हैं। मैं कोशिश करती हूं कि दूसरों की राय से खुद को परिभाषित न होने दूं।”
विद्या ने अपनी साथी एक्ट्रेस ऋचा चड्ढा के एक बयान को भी याद किया, जिन्होंने कहा था कि किसी को कहीं बैठकर अपने बारे में लिखने वाली बातों से खुद को प्रभावित नहीं होने देना चाहिए। उन्होंने कहा, “आखिर में, यह उनकी राय है। सोचिए, ऐसी बातें लिखने वाले व्यक्ति के मन में कितनी नकारात्मकता भरी है और मुझे लगता है कि ऐसे व्यक्ति से दूर ही रहना चाहिए।”
विद्या ने ‘स्कैम 2024 – द डिजिटल अरेस्ट स्टोरी’ के साथ माइक्रो ड्रामा में डेब्यू किया है। इस सीरीज में संदीप अरोड़ा, प्रियांशी त्रिपाठी, पूजा झा, आयुषी त्यागी, शीतल तेजवानी, अशोक के. झा और योगेश पवार स्टारर यह थ्रिलर स्टोरी टीवी ऐप पर स्ट्रीम हो रही है।


Leave feedback about this