November 4, 2026
National

अमरोहा में तेज रफ्तार थार ने बाइक सवार दो दोस्तों को कुचला, दर्दनाक मौत, परिजनों ने कोतवाली में किया हंगामा

उत्तर प्रदेश के अमरोहा में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। यहां मंगलवार शाम तेज रफ्तार थार गाड़ी ने बाइक सवार दो दोस्तों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान प्रशांत और राजीव के रूप में हुई है। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। वहीं, आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने नगर कोतवाली पहुंचकर हंगामा किया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया।

जानकारी के अनुसार, हादसा अमरोहा नगर कोतवाली क्षेत्र के बिजनौर मार्ग पर हुआ। प्रशांत और राजीव बाइक से नौगावां सादात की ओर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार थार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दोनों युवकों की मौत से आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोग नगर कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने थार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। मृतक प्रशांत के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

हंगामे की सूचना मिलते ही सीओ सिटी प्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों और आक्रोशित लोगों को समझाया तथा नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया। काफी देर तक समझाने के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

एएसपी अखिलेश भदौरिया ने बताया, “मंगलवार शाम अमरोहा नगर सीमा के पास नौगावां सादात थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही थार गाड़ी ने टक्कर मार दी। परिजनों के बयान के आधार पर तत्काल शिकायत दर्ज कर ली गई है। घटनास्थल से गाड़ी बरामद कर ली गई है। दोनों युवकों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”

Leave feedback about this

  • Service