November 5, 2026
National

ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर तंज, बोले-आपके पीडीए में ‘डी’ का मतलब दूर से प्रणाम होता जा रहा

उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर सोशल मीडिया के जरिए जमकर निशाना साधा है। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट करके अखिलेश यादव के पीडीए फॉर्मूले पर सवाल उठाए हैं। ओम प्रकाश राजभर ने एक्स पर पोस्ट किया, “अखिलेश यादव, ले लिए सब का हाल-समाचार? ऐसा लगता है कि आपके ‘पीडीए’ में ‘डी’ का मतलब दूर से प्रणाम होता जा रहा है।”

राजभर ने लिखा, “रामपुर जाकर ‘ए’ से मिल लिए, बनारस में स्वजातीय वाले ‘पी’ के घर-दुकान हो लिए और लगे हाथ नाम करने के लिए ‘डी’ सांसद के महल में टहल आए।” उन्होंने अखिलेश यादव के पुराने शासनकाल पर भी निशाना साधा। राजभर ने लिखा, “वैसे भी आपके राज में ‘पी’ और ‘ए’ के बीच असली ‘डी’ यानी दलित की स्थिति दयनीय ही रही।”

उन्होंने कहा, “वैसे, कभी मौका मिले तो आज नए उत्तर प्रदेश में किसी भी असली ‘डी’ की स्थिति देखने उनके आवास पर जाइएगा, उनका घर अब पक्का है, शौचालय बना है, उनकी महिलाएं स्वयं सहायता समूह से भी जुड़ दो पैसे कमा रही हैं और उनके बच्चों को अच्छी शिक्षा और रोजगार भी मिल रहा है। जो आपकी सरकार ने पहले इसी ‘डी’ से जबरन लूट लिया था।”

ओपी राजभर ने अखिलेश यादव को सलाह देते हुए लिखा, “महाराज, जमीन पर उतरिए। सिर्फ अपने वालों के यहां नहीं, बल्कि आम जनता से भी मिलिए, तभी तो जानेंगे कि आपके कुशासन की तुलना में वर्तमान शासन में क्या क्या बदल गया है। सोचिएगा जरूर।” उन्होंने अपनी पोस्ट के अंत में लिखा, “जय भारत, जय श्री राम, जय श्री कृष्ण, जय परशुराम, जय महाराजा सुहेलदेव।”

अखिलेश यादव हमेशा से कहते आए हैं कि पीडीए का मतलब केवल पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें समाज का वह हर वर्ग शामिल है जो उत्पीड़न, पीड़ा, दुख या अपमान का सामना कर रहा है। ब्राह्मण समुदाय को लेकर बयान में उन्होंने यह भी कहा था कि ‘पीडीए’ में ‘पी’ का मतलब ‘पंडित’ से भी है और यदि कोई ब्राह्मण भी पीड़ित है तो वह इस दायरे का हिस्सा है।

–

Leave feedback about this

  • Service