November 5, 2026
Entertainment

‘मैगजीन कमेंट करती थीं पर आज जितनी ट्रोलिंग नहीं थी’, माधुरी दीक्षित ने 90 के दशक को किया याद

अभिनेत्री माधुरी दीक्षित इन दिनों मराठी क्विज शो ‘कौन होणार करोड़पति’ में गेस्ट के तौर पर नजर आ रही हैं। शो के दौरान अभिनेत्री ने बताया कि कैसे बीते सालों में आलोचना और ट्रोलिंग बदल गई है।

शो ‘कौन होणार करोड़पति’ के स्पेशल एपिसोड में शिव ठाकरे और गौतमी पाटिल ने गेस्ट के तौर पर शिरकत की थी। दोनों से बातें करते हुए अभिनेत्री ने 90 के दशक में अपने स्टारडम के दौरान ट्रोलिंग के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि करियर के शुरुआती दिनों में मैगजीन एक्टर्स पर कमेंट किया करती थीं। हालांकि, अभिनेत्री ने यह भी बताया कि सोशल मीडिया की ट्रोलिंग को देखते हुए, उस समय के हालात काफी अलग हुआ करते थे।

शो के दौरान शिव ठाकरे ने माधुरी दीक्षित से पूछा कि इतने सालों तक पॉपुलर स्टार रहने के बावजूद वह कैसे जमीन से जुड़ी रहीं और ट्रोल होने के असर से उन्होंने खुद को कैसे बचाया। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोगों के लिए थोड़ी-सी फेम संभालना भी मुश्किल हो जाता है।

इस पर जवाब देते हुए अभिनेत्री ने कहा कि काम के प्रति उनके प्यार ने उन्हें फोकस बनाए रखने में मदद की और नेगेटिव कमेंट्स पर उन्होंने ज्यादा ध्यान नहीं दिया। अभिनेत्री कहती हैं, “मुझे अपने काम से बहुत लगाव था और मैं जो भी करती हूं, उसे सच्चे मन से करती हूं। इसी वजह से मैंने कभी ट्रोलिंग पर ध्यान ही नहीं दिया। हां, उस समय कुछ मैगजीन्स थीं जो सेलेब्स के बारे में कमेंट करती थीं लेकिन वो आज सोशल मीडिया के जैसा बिल्कुल भी नहीं था, जहां इतनी ज्यादा ट्रोलिंग होती है और लोग एक ही बात को बार-बार कहते रहते हैं।”

अभिनेत्री ने कहा, “हम, जो भी काम कर रहे हैं, उससे बस प्यार करना चाहिए और हमारी नीयत अच्छी होनी चाहिए। बस, फिर और कुछ ज्यादा मायने नहीं रखता।”

बता दें कि माधुरी ने 1984 में फिल्म ‘अबोध’ से एक्टिंग में डेब्यू किया था। इसके बाद वह हिंदी सिनेमा की सबसे पॉपुलर एक्ट्रेसेस में से एक बन गईं। ‘तेजाब’, ‘राम लखन’, ‘दिल’, ‘साजन’, ‘मृत्युदंड’, ‘बेटा’, ‘हम आपके हैं कौन..!’, ‘दिल तो पागल है’ और ‘देवदास’ जैसी फिल्में उनकी यादगार फिल्मों में शामिल हैं। अपनी एक्टिंग और डांस के लिए मशहूर माधुरी का करियर पांच दशक लंबा रहा है।

Leave feedback about this

  • Service