November 7, 2026
Haryana

फरीदाबाद में पार्किंग विवाद में व्यक्ति की गोली मारकर हत्या, परिवार समेत फरार हुआ आरोपी

हरियाणा के फरीदाबाद में धनतेरस की रात पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी अपने परिवार के साथ फरार हो गया। पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं।

जानकारी के मुताबिक, परमजीत धनखड़ मूल रूप से हिसार के रहने वाले थे। वह सेक्टर-21सी स्थित मकान नंबर 641 की पहली मंजिल पर पत्नी, बेटे और बेटी के साथ रहते थे। वह एक बड़ी राष्ट्रीय कंपनी में कार्यरत थे और नौकरी के सिलसिले में सिंगापुर में रह रहे थे। दो दिन पहले ही वह अपने परिवार के पास लौटे थे। 24 नवंबर को उनके भांजे की शादी होनी है। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं लेकिन इस घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।

बताया जा रहा है कि वारदात वाली रात आठ बजे परमजीत जिम से घर लौटे थे। इसी दौरान पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने को लेकर उनकी तीसरी मंजिल पर रहने वाले पड़ोसी मोहन उर्फ मोनू शर्मा से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मोनू ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली और परमजीत पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल परमजीत की मौत हो गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। करीब पांच दिन पहले भी आरोपी ने परमजीत के बेटे सूर्य के साथ गाली-गलौज की थी। इस दौरान गेट तोड़ने का आरोप भी सामने आया था। बताया जा रहा है कि आरोपी फाइनेंस का काम करता है।

घटना की सूचना मिलते ही सूरजकुंड थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और एफएसएल की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल से खाली कारतूसों के खोल बरामद कर जांच के लिए कब्जे में ले लिए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मौके पर 15 से 16 राउंड फायरिंग हुई थी।

सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रह्लाद कुमार ने बताया कि परमजीत को कई गोलियां लगी थीं। आरोपी मोहन उर्फ मोनू शर्मा तीसरी मंजिल पर रहता है। दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। इसी तरह की एक बहस के बाद फायरिंग की गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

Leave feedback about this

  • Service