नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी- शरदचंद्र पवार (एनसीपी-एसपी) की सांसद सुप्रिया सुले ने भाई दूज के मौके पर अपने चचेरे भाई और महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री दिगवंत अजित पवार को याद करते हुए भावुक पोस्ट किया है। उन्होंने कहा कि तुम (अजित पवार) हमारे दिलों में हो, और हमेशा रहोगे।
सुप्रिया सुले ने बुधवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक तस्वीर शेयर की, जिसमें वे अपनी बहनों और भाई अजित पवार के साथ थीं। भाई दूज के अवसर पर उन्होंने पोस्ट में लिखा, “भाई, यह तुम्हारे बिना पहली दिवाली और पहला भाऊ-बीज (भाई दूज) है। हर साल, हम बहनें इस दिन का कितनी बेसब्री से इंतजार करती थीं। लेकिन इस साल, जैसे ही भाऊ-बीज का दिन आया, मेरे मन में तुम्हारी अनगिनत यादें उमड़ आईं।”
सांसद सुप्रिया ने आगे लिखा, “हमारा साथ, हमारी बातचीत, हमारी हंसी-मजाक, मुझे आज भी याद है कि तुम हम बहनों के साथ कितने खुश होकर समय बिताते थे। वे पल, जो उस समय बहुत आम लगते थे, आज बहुत अनमोल हो गए हैं। भाई, आज के दिन तुम्हारी कमी बहुत खलती है। हम बहनें तुम्हें कितना याद करती हैं, इसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। तुम हमारे दिलों में हो, और हमेशा रहोगे।”
इससे पहले, दिवंगत नेता अजीत पवार की याद में मंगलवार शाम विद्या प्रतिष्ठान परिसर में एक विशेष ‘दीप वंदना’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए पारंपरिक दीप जलाए गए। इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, सांसद पार्थ पवार, जय पवार, परिवार के सदस्य, वरिष्ठ अधिकारी और पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए।
गौरतलब है कि इस साल 28 जनवरी को, अजीत पवार को ले जा रहा विमान बारामती हवाई अड्डे के पास एक भयानक दुर्घटना का शिकार हो गया। विमान क्रैश हो गया और इस दुखद घटना में अजीत पवार की जान चली गई। यह न केवल पवार परिवार के लिए, बल्कि पूरे महाराष्ट्र राज्य के लिए एक बहुत बड़ा झटका था।


Leave feedback about this