November 12, 2026
World

भारतीय-अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स को न्यूयॉर्क वेटरन्स परेड में ग्रैंड मार्शल के रूप में किया गया सम्मानित

Indian-American astronaut Sunita Williams honored as Grand Marshal at the New York Veterans Parade

 

न्यूयॉर्क, । भारतीय-अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स को ‘पूर्व सैनिक दिवस’ परेड के दौरान ‘ग्रैंड मार्शल’ के रूप में सम्मानित किया गया। यह परेड पूर्व सैन्य कर्मियों को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित की जाती है।

 

 

नौसेना की सेवानिवृत्त कैप्टन सुनीता विलियम्स ने बुधवार (स्थानीय समयानुसार) को मैनहट्टन के फिफ्थ एवेन्यू पर 20,000 लोगों की परेड का नेतृत्व किया।

 

सुनीता विलियम्स ने कहा कि ‘ग्रैंड मार्शल’ बनना उनके लिए ‘एक बहुत बड़ा सम्मान’ है। उन्होंने याद करते हुए कहा, “नौसेना में बिताए समय ने मुझे वह बनाया है जो मैं आज हूं, और इसने मुझे आगे आने वाली हर चुनौती के लिए तैयार किया।”

 

उन्होंने कहा, “मुझे इस बात पर गर्व है कि मैं न्यूयॉर्क के लोगों और पूरे अमेरिका के नागरिकों के साथ मिलकर, हर पीढ़ी के पूर्व सैनिकों की सेवा, बलिदान और समर्पण का सम्मान कर रही हूं।”

 

नासा से जुड़ने से पहले, विलियम्स एक टेस्ट पायलट थीं। उन्होंने अंतरिक्ष में तीन मिशनों के दौरान कुल 608 दिन बिताए और एक महिला के रूप में सबसे अधिक नौ बार स्पेस वॉक करने का रिकॉर्ड बनाया, जिसमें उन्होंने कुल 62 घंटे अंतरिक्ष में बिताए।

 

यह 107वीं वार्षिक ‘पूर्व सैनिक दिवस’ परेड थी। इसमें हजारों पूर्व सैनिकों के साथ-साथ सशस्त्र बलों, स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों, सामुदायिक समूहों और स्कूलों के दलों ने हिस्सा लिया, और कई बैंड भी शामिल हुए। परेड में कई कंपनियों की झांकियां थीं, जिनमें उनके यहां काम करने वाले पूर्व सैन्य कर्मियों को दिखाया गया था।

 

परेड से एक दिन पहले, विलियम्स ने ‘यूएसएस सैन एंटोनियो’ जहाज पर मरीन कॉर्प्स की स्थापना की 251वीं वर्षगांठ के कार्यक्रम में भाग लिया।

 

बता दें कि सुनीता विलियम्स न्यूरोएनाटॉमिस्ट दीपक पांड्या और स्लोवेनिया की रहने वाली उर्सुलिन पांड्या की बेटी हैं। वह तब चर्चा में आईं जब वे अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन में कई महीनों तक फंसी रहीं। वे 2024 में बोइंग स्टारलाइनर की पहली मानवयुक्त उड़ान से 8 दिन की अंतरिक्ष यात्रा पर गई थीं, लेकिन स्टारलाइनर में तकनीकी खराबी के कारण उन्हें अंतरिक्ष में लगभग नौ महीने तक रहना पड़ा था।

 

 

Leave feedback about this

  • Service