November 12, 2026
National

यूपी चुनाव से पहले मुस्लिम वोट पर सियासी घमासान, भाजपा बोली- 95 फीसदी मतदाता हमारे साथ

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले मुस्लिम वोट बैंक को लेकर सियासत तेज हो गई है। ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के नए सामाजिक परिवर्तन मोर्चा पर मंत्री एके शर्मा ने मुस्लिम समाज को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कांग्रेस और सपा ने 70 साल में मुसलमानों के लिए कुछ नहीं किया। वहीं डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने दावा किया कि अखिलेश यादव की 95-5 वाली लाइन के हिसाब से भी 95 फीसदी मतदाता भारतीय जनता पार्टी के साथ हैं और सपा के पास सिर्फ तुष्टिकरण वाले 5 फीसदी बचे हैं।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी ये बात समझ ही नहीं पा रही है कि भाजपा की सरकार तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ आ रही है। हमारा मानना है कि 80 फीसदी मतदाता भाजपा के साथ हैं। अखिलेश यादव ने एक नई लाइन बोली है कि 95-5 की लड़ाई है। 5 फीसदी मतदाता ही आपके पास बचे हैं जो तुष्टिकरण वाले हैं। शेष 95 फीसदी मतदाता भाजपा के साथ हैं।

ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के सामाजिक परिवर्तन मोर्चा को लेकर शहरी विकास मंत्री एके शर्मा ने कहा कि मैं नए सामाजिक मोर्चे को अपनी शुभकामनाएं दूंगा। चूंकि मैं एक ऐसे जिले से आता हूं, जहां मुस्लिम आबादी काफी अच्छी संख्या में है, इसलिए मैं अपनी आंखों से रोज देखता हूं कि पिछले सत्तर वर्षों में खासकर 2017 तक, जब कांग्रेस की सरकार कई दशकों तक रही और समाजवादी पार्टी की सरकार भी चार बार इस प्रदेश में रही, तब भी इन लोगों ने मुसलमानों के लिए विशेष रूप से कुछ नहीं किया।

उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज इस बात को समझता है और जानता है। यदि उनके लिए कोई नया विकल्प खड़ा हो रहा है तो मैं मुस्लिम समाज को बहुत-बहुत शुभकामनाएं और बधाई देना चाहूंगा।

शहरी विकास मंत्री ने कहा, “मैं लखनऊवासियों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। लखनऊ के नगर कर्मियों, सफाई मित्रों, अधिकारियों और विशेष रूप से राजनीतिक नेतृत्व को भी बधाई देता हूं कि लगातार दूसरी बार उन्होंने देश के सबसे स्वच्छ तीन नगरों में अपना स्थान बनाए रखा है।”

उन्होंने कहा कि यदि लखनऊ की बात करें तो यह देश के सबसे अच्छे शहरों में बनकर उभर रहा है। वायु सर्वेक्षण में भी लखनऊ को प्रथम स्थान मिला है। रूफटॉप सोलर के क्षेत्र में भी लखनऊ नंबर एक पर चल रहा है। इस प्रकार देश में पहले, दूसरे या तीसरे स्थान पर रहने की परंपरा को लखनऊ ने लगातार बनाए रखा है। मैं लखनऊ के सभी लोगों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।

एके शर्मा ने कहा कि साथ ही, कल के सर्वेक्षण में वाराणसी को नदी तट के नगरों की श्रेणी में हजारों नगरों के बीच तीसरा स्थान मिला है। सभी काशीवासियों को भी बहुत-बहुत बधाई देता हूं। गाजियाबाद ने भी बहुत अच्छी रैंकिंग हासिल की है। उन्हें भी मैं बहुत-बहुत बधाई देता हूं। कुल मिलाकर उत्तर प्रदेश के नगर, पूर्व हों या पश्चिम, सभी नगरों ने राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में बहुत ऊंचा स्थान प्राप्त किया है।

उन्होंने कहा कि अब हम उन्हें प्रेरित भी कर रहे हैं कि वे वैश्विक प्रतिस्पर्धा में उतरें। उसी हिसाब से हमने योजनाएं भी बनाई हैं और काम भी चल रहा है। मुझे आशा है कि आने वाले कुछ ही महीनों में हमारे कई नगर वैश्विक प्रतिस्पर्धा में भी अपना ऊंचा स्थान बनाएंगे।

Leave feedback about this

  • Service