November 13, 2026
National

मुंबई: कोस्टल रोड टनल में 6 वाहनों के बीच भीषण टक्कर, कोई हताहत नहीं

मुंबई के मरीन ड्राइव इलाके में देर रात छह वाहनों के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में किसी भी व्यक्ति की जान नहीं गई और न ही कोई घायल हुआ है। हालांकि, हादसे में वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा है।

यह हादसा मुंबई के मरीन ड्राइव ट्रैफिक विभाग की सीमा में आने वाले कोस्टल रोड टनल के नॉर्थ बाउंड मार्ग पर हुआ। बताया गया कि शुक्रवार रात करीब 2.33 बजे छह वाहन आपस में टकरा गए। घटना की जानकारी मिलते ही मलबार हिल और गावदेवी पुलिस स्टेशन के पुलिसकर्मी और अधिकारी मौके पर पहुंचे। सहायक पुलिस आयुक्त सुवर्णा शिंदे भी घटनास्थल पर मौजूद थीं।

हादसे के दौरान एक वाहन के बोनट से धुआं निकलने लगा। आग फैलने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्काल दमकल विभाग की मदद से आग पर काबू पाया।

दुर्घटनाग्रस्त सभी वाहनों को टोइंग वैन की मदद से कोस्टल रोड टनल से बाहर निकाला गया। एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए कोस्टल रोड की उत्तर दिशा की ओर जाने वाली यातायात सेवा बंद रखी गई थी। वाहनों को टनल से बाहर निकालने के बाद यातायात दोबारा शुरू कर दिया गया है। फिलहाल कोस्टल रोड पर यातायात सामान्य रूप से जारी है।

इससे पहले, सोमवार रात में मुंबई के मालवणी में पटाखे की दुकान में आग लगने से किशोर की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के बाद दुकान का स्लैब गिर गया था।

बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (बीएमसी) की मुंबई फायर ब्रिगेड (एमएफबी) के मुताबिक, आग दुकान के अंदर पटाखों, बिजली के तारों और बिजली के इंस्टॉलेशन तक ही सीमित थी। पटाखों में विस्फोट के बाद स्थिति और खराब हो गई और दुकान का स्लैब गिर गया।

घटना के दौरान, एक 16 वर्ष के किशोर की जान चली गई। आग की चपेट में आने से उसका शरीर बुरी तरह झुलस गया था। मरने वाले की पहचान 16 वर्ष के शहनवाज नियाज खान के तौर पर हुई। उसे एम्बुलेंस से बीएमसी के शताब्दी हॉस्पिटल ले जाया गया। कांदिवली के बीडीबीए हॉस्पिटल के संबंधित चीफ मेडिकल ऑफिसर (सीएमओ) से मिली जानकारी के मुताबिक, वह पूरी तरह से जल गया था और उसे मृत घोषित कर दिया गया।

Leave feedback about this

  • Service