November 19, 2026
Entertainment

दोस्त शम्मी के बेटे की फिल्म देख भावुक हुईं आशा पारेख, ‘रक्स’ की जमकर की तारीफ

दिग्गज अभिनेत्री आशा पारेख हाल ही में अभिनेत्री शम्मी (नरगिस रबादी) के बेटे एवं निर्देशक इकबाल रिजवी की फिल्म ‘रक्स’ के प्रीमियर में पहुंची थीं। प्रीमियर में उन्होंने आईएएनएस के साथ बातचीत में अपनी दोस्त और अभिनेत्री शम्मी को याद किया।

अभिनेत्री आशा पारेख ने अपनी पुरानी दोस्त और अभिनेत्री शम्मी को याद करते हुए कहा कि काश आज वो इस फिल्म को देखने के लिए यहां होतीं। आशा कहती हैं, “शम्मी के साथ बिताया हर वक्त मेरे लिए खास था और मुझे उनकी आज भी याद आती है। आज इकबाल रिजवी को देखकर बहुत खुशी हो रही है, काश शम्मी भी यहां पर होती।”

आशा पारेख ने ‘रक्स’ की तारीफ करते हुए कहा कि यह फिल्म देखने और सराहने लायक है। उन्होंने कहा, “रक्स बहुत अच्छी फिल्म है, लोगों को इसे देखना चाहिए, उससे सीख लेनी चाहिए और इकबाल रिजवी ने बहुत अच्छी डायरेक्शन की है, कहानी बहुत अच्छी है। बच्चों ने बहुत अच्छा काम किया है।”

शम्मी (असली नाम नरगिस रबादी) हिंदी सिनेमा और टेलीविजन की लोकप्रिय चरित्र अभिनेत्री थीं, जिन्होंने 200 से अधिक फिल्मों और कई मशहूर धारावाहिकों में काम किया। उन्हें दर्शक प्यार से ‘शम्मी आंटी’ के नाम से जानते थे।

अभिनेत्री शम्मी (नरगिस रबादी) और आशा पारेख के बीच पांच दशक से अधिक समय तक गहरी दोस्ती रही। उम्र में काफी बड़ी होने के बावजूद आशा पारेख उन्हें प्यार से ‘शम्मी आंटी’ कहती थीं और उन्हें अपनी सबसे करीबी दोस्त, मार्गदर्शक और परिवार का हिस्सा मानती थीं। दोनों ने दिल देके देखो, तीसरी मंजिल, पागल कहीं का और जवान मोहब्बत जैसी फिल्मों में साथ काम किया। सेट के बाहर भी दोनों ने विदेश यात्राएं भी कीं और साथ मिलकर टीवी धारावाहिक भी प्रोड्यूस किए।

फिल्म ‘रक्स’ की बात करें, तो यह एक लघु फिल्म है जिसका निर्देशन इकबाल रिजवी ने किया है जबकि इसकी लेखिका और निर्मात्री मनबीना संधू हैं। मनबीना संधू का यह पहला स्वतंत्र प्रोडक्शन है। फिल्म में मानिनी डे और सहर्ष शुक्ला ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं।

यह फिल्म एक अकेली विधवा मां के भावनात्मक संघर्ष को दिखाती है। फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे एक महिला अपने जीवनसाथी को खोने के गम से उबरने की कोशिश करते हुए अपने छोटे बेटे की परवरिश और जिम्मेदारियों को संभालती है।

Leave feedback about this

  • Service