November 20, 2026
Entertainment

ब्रेकअप की अफवाहों के बीच अविनाश मिश्रा ने तोड़ी चुप्पी, कहा-‘रिश्ते पर्सनल होते हैं, पब्लिक एंटरटेनमेंट नहीं’

अभिनेता अविनाश मिश्रा ने अभिनेत्री ईशा सिंह के साथ ब्रेकअप की अफवाहों और धोखा देने के आरोपों के बीच अपनी चुप्पी तोड़ी। उन्होंने सोशल मीडिया यूजर्स और मीडिया पेजों से प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील की।

अभिनेता अविनाश मिश्रा ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर एक नोट शेयर किया, जिसमें उन्होंने सभी से न सिर्फ प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील की बल्कि उनके निजी मामले में दखल न देने के लिए भी कहा। हालांकि, अभिनेता ने अपनी पोस्ट में ब्रेकअप और धोखे की खबर पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और न ही ईशा सिंह का सीधे तौर पर नाम लिया।

अविनाश मिश्रा ने शेयर किए गए नोट में लिखा, “दोस्तों, चलो इसे यहीं खत्म करते हैं और आगे बढ़ते हैं। पिछले कुछ हफ्ते काफी लोगों के लिए मुश्किल रहे हैं। मीडिया पेजों से गुजारिश है कि सबकी प्राइवेसी का सम्मान करें। रिश्ते पर्सनल होते हैं, पब्लिक एंटरटेनमेंट नहीं। हर चीज व्यूज और इंगेजमेंट के लिए नहीं होती। चलो लोगों को शांति से जीने देते हैं।”

बता दें कि अविनाश मिश्रा का यह पोस्ट ऐसे समय आया है, जब ईशा सिंह और अविनाश मिश्रा के ब्रेकअप की खबरें तेज हैं।

गौरतलब है कि ईशा सिंह की मां रेखा सिंह के एक वायरल पोस्ट के बाद दोनों के ब्रेकअप की खबरें तेज हो गई, जिसके बाद मीडिया ने नोटिस किया कि ईशा ने भी अविनाश को सोशल मीडिया से अनफॉलो कर दिया है। हालांकि, अविनाश अभी भी उनको फॉलो कर रहे हैं।

वहीं, कुछ सोशल मीडिया पोस्ट पर ऐसा दावा भी किया जा रहा है कि अविनाश ने ईशा को चीट किया है, जिसके बाद दोनों के ब्रेकअप की खबरें और तेज हो गईं। हालांकि दोनों की ओर से अभी तक ब्रेकअप की कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।

अभिनेता अविनाश मिश्रा और अभिनेत्री ईशा सिंह बिग बॉस-18 में साथ नजर आए थे। शो के दौरान दोनों एक-दूसरे के करीब आए और अक्सर एक-दूसरे का समर्थन करते दिखे जिसके बाद बाहर भी दोनों को साथ देखा गया। हालिया समय तक दोनों को ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ की सक्सेस पार्टी और ‘पति पत्नी और पंगा 2’ जैसे संदर्भों में साथ देखा गया था।

Leave feedback about this

  • Service