पुणे में एयर शो को देखने उमड़ी भीड़, दर्शक बोले-वायुसेना के हैरतअंगेज करतबों ने जीता दिल
National

पुणे में एयर शो को देखने उमड़ी भीड़, दर्शक बोले-वायुसेना के हैरतअंगेज करतबों ने जीता दिल

महाराष्ट्र के पुणे स्थित वायुसेना स्टेशन लोहगांव में भारतीय वायुसेना के एयर शो को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़े। आसमान में करतब दिखाते लड़ाकू विमानों और एयरोबेटिक टीम के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों को रोमांच से भर दिया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर उम्र के लोग इसे देखने पहुंचे थे।

एयर शो के दौरान आसमान में पायलटों ने एक के बाद एक हैरतअंगेज करतब दिखाए। कभी विमानों ने दिल का आकार बनाया, तो कभी अलग-अलग फॉर्मेशन में उड़ान भरकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विमानों की गर्जना और उनकी सटीक उड़ान ने लोगों के दिलों में देशभक्ति और गर्व की भावना को और गहरा कर दिया।

एयर शो देखने पहुंची हिरदेश सिंह ने आईएएनएस से अपने अनुभव को साझा किया। उन्होंने कहा कि सड़क पर चलते हुए उन्होंने विमानों को दूर से कई बार देखा है लेकिन इतने करीब से देखना बेहद रोमांचित करने वाला अनुभव है। उन्होंने कहा कि पायलट जिस तरह से उड़ान भर रहे हैं और अलग-अलग आकार बना रहे हैं, वह दिल को छू लेने वाला है।

हिरदेश सिंह ने कहा कि यह प्रदर्शन न सिर्फ रोमांचक है बल्कि प्रेरणादायी भी है। उन्होंने कहा कि यहां स्कूल के बच्चे भी आए हैं, जो इस शो से प्रेरणा लेकर देशभक्ति के भाव के साथ जाना चाहते हैं। बच्चे देश के प्रति समर्पित होकर भविष्य में वायुसेना में शामिल होकर अपना योगदान देंगे।

दूसरे दर्शक निखिल ने भी एयर शो को शानदार बताया। उन्होंने कहा कि उनका यह पहला अनुभव था और उन्हें बहुत अच्छा लगा। फ्लाइट्स डिस्प्ले को बहुत अच्छे तरीके से आयोजित किया गया था। सूर्यकिरण टीम के एयरोबेटिक्स ने सभी को हैरान कर दिया। उन्होंने कहा कि एयर शो के दौरान अलग-अलग फॉर्मेशन बनाए गए, जो वाकई बहुत अच्छे थे।

एयर शो देखने आई एक महिला दर्शक ने भी अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि यह अद्भुत अनुभव है। यह उनका पहली बार है और इतने सारे हवाई जहाजों को देखना शानदार लगा। उन्होंने कहा कि वह खास तौर पर अपने बेटे को यह अनुभव कराना चाहती थीं। उन्होंने कहा कि यह सब देखकर भारतीय होने पर और ज्यादा गर्व महसूस होता है। यह ऐसा अनुभव है, जिससे रोंगटे खड़े हो जाते हैं।

Leave feedback about this

  • Service