October 6, 2024
Sports

सातवीं वीमेंस एशियन हॉकी चैंपियनशिप की शुक्रवार से रांची में शुरुआत, छह देशों की टीमें बहा रहीं पसीना

रांची, सातवीं वीमेंस एशियन हॉकी चैंपियनशिप 27 अक्टूबर से रांची में शुरू हो रही है। इसमें भारत सहित कुल छह देशों जापान, साउथ कोरिया, चीन, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें भाग ले रही हैं। रांची पहुंचने के बाद सभी टीमों ने बुधवार और गुरुवार को प्रैक्टिस सेशन में जमकर पसीना बहाया।

यह प्रतिष्ठित इंटरनेशनल टूर्नामेंट पहली बार भारत में हो रहा है। सभी मुकाबले रांची के मोरहाबादी स्थित मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रो टर्फ स्टेडियम में खेले जाएंगे। हॉकी फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार इस चैंपियन में कुल 20 मैच खेले जाएंगे।

पहले दिन शुक्रवार को तीन मैच खेले जाएंगे। पहला मुकाबला शाम 4 बजे जापान और मलेशिया के बीच होगा। दूसरे मुकाबले में शाम 6.15 बजे से चीन और कोरिया की टीमें भिड़ेंगी। जबकि, रात 8.30 बजे से मेजबान भारत और थाईलैंड के बीच तीसरा मुकाबला होगा।

चैंपियनशिप के सेमीफाइनल मुकाबले 4 नवंबर और फाइनल मैच 5 नवंबर को खेला जाएगा। टूर्नामेंट को लेकर रांची में स्टेडियम और उसके आसपास के इलाकों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। स्टेडियम में दर्शकों का प्रवेश निःशुल्क रखा गया है।

इसके पहले टूर्नामेंट वर्ष 2021 में कोरिया में आयोजित हुआ था, जिसमें जापान की टीम ने साउथ कोरिया को हराकर चैंपियनशिप पर कब्जा किया था।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि भारत में पहली बार आयोजित हो रही महिला एशिया चैंपियंस ट्रॉफी में भाग लेने वाली एशिया की सर्वश्रेष्ठ महिला हॉकी टीमों का झारखंड की धरती पर स्वागत करते हुए हमें गर्व और खुशी हो रही है।

Leave feedback about this

  • Service