October 5, 2024
National

रांची में जेपी नड्डा का हेमंत सोरेन पर जोरदार हमला, बोले- इन्होंने जमीन हड़पने के लिए माता-पिता का नाम तक बदल दिया

रांची, 28 अक्टूबर । भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को रांची में संकल्प यात्रा समापन जनसभा में झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा, “भ्रष्टाचार में डूबे सोरेन ईडी से तारीख पर तारीख मांग रहे हैं।

कहते हैं कि उनके पीछे सीबीआई और ईडी भेज दिया। गड़बड़ी नहीं की तो वे कोर्ट का दरवाजा क्यों नहीं खटखटाते? पूरे देश में ऐसा कोई मुख्यमंत्री नहीं है, जिसने अपने नाम जमीन का टेंडर निकाला। हेमंत ने ही ऐसा किया। जमीन हड़पने के लिए अपने माता-पिता का नाम तक बदल दिया।”

दरअसल, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी 17 अगस्त से राज्य में संकल्प यात्रा पर थे। राज्य के सभी 81 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करने के बाद शनिवार को रांची में यात्रा का समापन हुआ और इस मौके पर आयोजित जनसभा को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बतौर मुख्य अतिथि संबोधित किया।

नड्डा ने कहा कि झारखंड में ऐसी सरकार चल रही है, जहां शराब माफिया, जमीन माफिया और बालू माफिया का बोलबाला है। ऐसी सरकार का जाना तय है, लेकिन झारखंड की भोली जनता एक बात समझ ले कि भाजपा की सरकार जब सत्ता में आती है तो उसका उद्देश्य जनता की सेवा करना होता है। लेकिन, जब जेएमएम और कांग्रेस के लोग सत्ता में बैठते हैं तो अपनी सेवा के लिए बैठते हैं।

राज्य में धर्मांतरण की घटनाओं की चर्चा करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार ने वोट की राजनीति के तहत धर्मांतरण पर मौन स्वीकृति दी। उन्होंने आदिवासियों के नाम पर वोट मांग, लेकिन इस समुदाय का जितना नुकसान हेमंत सरकार ने किया, उतना किसी ने नहीं किया। इस राज्य में मंदिर तोड़े जा रहे हैं, शिव बारात को रोका जाता है। ऐसी सरकार जो तुष्टिकरण से युक्त हो, भ्रष्ट हो, उसे वापस नहीं आने देंगे।

केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को आदिवासियों का असली शुभचिंतक बताते हुए नड्डा ने कहा कि आदिवासियों की चर्चा तो बहुत लोगों ने की, लेकिन बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। अटल बिहारी वाजपेयी थे, जिन्होंने झारखंड की स्थापना की। झारखंड में अटल बिहारी वाजपेयी हमेशा याद किए जायेंगे। जब मैं स्वास्थ्य मंत्री था तो 1,100 करोड़ की लागत से एम्स बनाकर दिया। चार साल के अंदर देवघर का मेडिकल कॉलेज बनकर तैयार हुआ और जनता को समर्पित हो गया। जो काम प्रदेश के हाथ पड़ा, उसका बंटाधार हो गया। लेकिन, मोदी जी के हाथ जो काम लगा, उसका विकास हो गया।

जेपी नड्डा ने कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी का नाम लिए बगैर उन पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक महिला नेत्री इलेक्शन टूरिज्म पर निकली हैं। अभी वे राजस्थान में हैं। कभी महिलाओं की सशक्तीकरण की बात नहीं की, लेकिन चुनाव आया है तो अब महिलाओं की याद आई है। उस महिला नेत्री ने प्रधानमंत्री पर अट्टहास करते हुए कहा है कि मंदिर के डब्बा में इतने पैसे डाले। ये भारतीय संस्कृति और आस्था क्या जानें? इनकी धार्मिक आस्था इलेक्शन टूरिज्म से जुड़ी होती है, जिसे हम श्रद्धा से दान पत्र कहते हैं। उसे वे डब्बा कहती हैं। इनका दिमाग ही डब्बा है।

जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हेमंत सरकार के होते राज्य में विकास नहीं हो सकता। कानून व्यवस्था ठप है। हर तरफ हत्या, बलात्कार, लूट की घटनाएं। हेमंत सोरेन लुटेरों को संरक्षण दे रहे हैं। दो महीने तक चली संकल्प यात्रा के दौरान हमने जनता को इस सरकार की हकीकत से अवगत कराया है।

सभा को केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी, सांसद संजय सेठ सहित कई नेताओं ने संबोधित किया।

Leave feedback about this

  • Service