N1Live National उमस और गर्मी का डबल अटैक, हल्की बारिश से राहत, लेकिन बढ़ी परेशानी, अस्पताल में बढ़ी मरीजों की संख्या
National

उमस और गर्मी का डबल अटैक, हल्की बारिश से राहत, लेकिन बढ़ी परेशानी, अस्पताल में बढ़ी मरीजों की संख्या

A double whammy of humidity and heat; light rain brought some relief but also increased difficulties, while the number of patients in hospitals rose.

दिल्ली समेत पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मानसून के बावजूद लोगों को गर्मी और उमस से राहत नहीं मिल पा रही है। दिन में तेज धूप और बीच-बीच में हल्की बूंदाबांदी का सिलसिला जारी है। बारिश होने के बाद कुछ समय के लिए मौसम सुहावना जरूर हो जाता है, लेकिन नमी (ह्यूमिडिटी) तेजी से बढ़ने के कारण लोगों को पहले से अधिक उमस का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम के इस बदलते मिजाज का असर लोगों की सेहत पर भी साफ दिखाई दे रहा है। अस्पतालों में डिहाइड्रेशन, वायरल बुखार, गले में संक्रमण और मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के अनुसार अगले कई दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में मौसम का यही रुख बना रहेगा। आसमान में सामान्य रूप से बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना बनी रहेगी।

राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी भी दिन के लिए कोई मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है। 31 जुलाई के लिए अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने सामान्य रूप से बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई है। 1 अगस्त को तापमान में हल्की गिरावट के साथ अधिकतम 33 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 2 अगस्त को भी अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री रहेगा, जबकि अधिकतम ह्यूमिडिटी बढ़कर 90 प्रतिशत तक पहुंच सकती है। 3 अगस्त को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रहने का अनुमान है।

इस दिन अधिकतम आर्द्रता 95 प्रतिशत तक पहुंचने की संभावना है, जिससे उमस और अधिक महसूस होगी। 4 अगस्त को अधिकतम 33 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री तापमान रहने का पूर्वानुमान है, जबकि ह्यूमिडिटी 90 से 75 प्रतिशत के बीच रह सकती है। 5 अगस्त को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि दिन में निकलने वाली तेज धूप तापमान बढ़ा रही है, जबकि दोपहर या शाम के समय होने वाली हल्की बारिश और बूंदाबांदी वातावरण में नमी बढ़ा रही है। यही कारण है कि लोगों को चिपचिपी गर्मी और उमस से राहत नहीं मिल रही। विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, धूप में लंबे समय तक रहने से बचने, हल्के सूती कपड़े पहनने और जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। यदि तेज बुखार, गले में संक्रमण, लगातार थकान या डिहाइड्रेशन जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की गई है। दिल्ली-एनसीआर में अगले पांच दिनों तक बादलों की आवाजाही, हल्की बारिश और अत्यधिक नमी का दौर जारी रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को बारिश से मिलने वाली क्षणिक राहत के साथ उमस और मौसम जनित बीमारियों से भी सतर्क रहने की आवश्यकता होगी।

Exit mobile version