N1Live Entertainment सनी देओल की आंखों पर बैठी थी मक्खी, फिर भी नहीं रोका शॉट: तिलोत्तमा शोम
Entertainment

सनी देओल की आंखों पर बैठी थी मक्खी, फिर भी नहीं रोका शॉट: तिलोत्तमा शोम

A fly sat on Sunny Deol's eye, yet he didn't stop the shot: Tilottama Shome

नेटफ्लिक्स की आगामी ड्रामा फिल्म ‘इक्का’ जल्द ही स्ट्रीमिंग पर आने वाली है। यह फिल्म इसलिए भी खास है, क्योंकि इसमें सनी देओल और अक्षय खन्ना 29 साल बाद फिर से पर्दे पर साथ में नजर आएंगे।

फिल्म में सनी और अक्षय के अलावा, दीया मिर्जा, तिलोत्तमा शोम, संजीदा शेख समेत कई कलाकार नजर आएंगे। हाल ही में नेटफ्लिक्स के कार्यक्रम में अभिनेत्री तिलोत्तमा शोम ने फिल्म और सनी देओल के साथ काम करने का एक मजेदार किस्सा शेयर किया। उन्होंने बताया, “मेरे ज्यादातर सीन सनी देओल के साथ हैं। एक दिन शूटिंग के दौरान सनी देओल का क्लोज-अप खत्म हो गया था और मेरा क्लोज-अप चल रहा था। तभी दो मक्खियां सनी देओल की आंखों के आसपास मंडरा रही थीं। एक मक्खी चली गई, लेकिन दूसरी उनकी आंख की वॉटरलाइन पर बैठ गई। फिर भी सनी देओल ने शॉट कट नहीं किया। मैं जल्द ही डायलॉग खत्म करने की कोशिश कर रही थीं क्योंकि मक्खी रेंग रही थी और मैं परेशान हो रही थी।”

शॉट खत्म होने के बाद मैंने उनसे पूछा, “सर, आपने कट क्यों नहीं कहा?” इसका जवाब देते हुए सनी ने कहा, “मैं अपना टेक खराब नहीं करना चाहता था।”

अभिनेत्री ने आगे कहा कि इतने सालों के बाद भी सनी देओल इतने उदार और प्रोफेशनल हैं। आमतौर पर असहज होने पर लोग कट कह देते हैं, लेकिन उन्होंने नहीं कहा। यह उनके लिए बहुत इमोशनल पल था।

फिल्म ‘इक्का’ एक कोर्टरूम थ्रिलर है। कहानी एक ईमानदार और मशहूर वकील की है, जिसे मजबूरी में एक हत्या के आरोपी का केस लड़ना पड़ता है। यह आरोपी वही व्यक्ति है, जिसके करियर को उस वकील ने पहले बर्बाद कर दिया था। वकील को केस जीतने के लिए हर तरह के तरीके अपनाने पड़ते हैं- चाहे वे सही हों या गलत, क्योंकि हारने पर वह सब कुछ खो देगा। सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा द्वारा निर्देशित यह सीरीज जल्द ही नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम की जाएगी।

Exit mobile version