N1Live National अयोध्या में पंचकोसी परिक्रमा में उमड़ा आस्था का जन सैलाब, 50 लाख के पार पहुंच सकता है आंकड़ा
National

अयोध्या में पंचकोसी परिक्रमा में उमड़ा आस्था का जन सैलाब, 50 लाख के पार पहुंच सकता है आंकड़ा

कार्तिक शुक्ल एकादशी पर रामनगरी अयोध्या में आस्था का जन सैलाब उमड़ पड़ा। पंचकोसी परिक्रमा के अवसर पर लाखों श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे हैं। श्रद्धालु सरयू तट पर स्नान करने के बाद पंचकोसी परिक्रमा कर रहे हैं और परिक्रमा पूरी करने के बाद मठ-मंदिरों में दर्शन-पूजन कर रहे हैं।

पंचकोसी परिक्रमा सरयू तट के नया घाट और राम की पैड़ी के आसपास से शुरू होकर अयोध्या के प्रमुख मंदिरों, कुंडों और घाटों से होकर गुजरती है। यह परिक्रमा लगभग 15 किलोमीटर यानी 5 कोस की होती है। श्रद्धालु नंगे पैर, हाथ में पूजन सामग्री और जय श्री राम के जयकारों के साथ परिक्रमा कर रहे हैं। पूरे परिक्रमा मार्ग पर भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है।

इससे पहले हुई 14 कोसी परिक्रमा में करीब 30 लाख श्रद्धालुओं ने परिक्रमा की थी। जिला प्रशासन का अनुमान है कि पंचकोसी परिक्रमा में 50 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचेंगे। भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरे परिक्रमा मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया है, साथ ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेडिकल कैंप भी लगाए गए हैं।

अयोध्या के कमिश्नर राजेश कुमार ने स्वयं पैदल परिक्रमा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली। कमिश्नर ने बताया कि पैदल परिक्रमा करने के दो मुख्य कारण थे। पहला, सारी व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त रहें। डॉक्टरों से लेकर सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था तक, सभी व्यवस्थाओं को परखा जा सके। उन्होंने कहा कि 14 कोसी परिक्रमा में भी व्यवस्थाओं को देखा गया था और अब पंचकोसी परिक्रमा में भी व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए चल रहे हैं।

उन्होंने बताया कि 14 कोसी परिक्रमा में करीब 30 लाख श्रद्धालुओं ने परिक्रमा की थी। पंचकोसी परिक्रमा में यह संख्या पिछली बार से ज्यादा जाने की उम्मीद है। पिछली बार करीब 50 लाख श्रद्धालु पहुंचे थे, इस बार आंकड़ा 50 लाख से ऊपर जाने की संभावना है, क्योंकि भीड़ काफी ज्यादा देखने को मिल रही है।

कमिश्नर ने कहा कि क्राउड मैनेजमेंट बहुत ही अच्छी तरह से किया गया है। इसकी प्लानिंग कई महीनों से चल रही थी। परिक्रमा मार्ग को ठीक किया गया। मार्ग को फोरलेन कर दिया गया था। श्रद्धालुओं को बहुत ही अच्छी व्यवस्था देने की कोशिश की गई है और श्रद्धालु इससे संतुष्ट नजर आ रहे हैं।

Exit mobile version