N1Live National गढ़वा में बकरियों को लेकर मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदला, एक की हत्या, चार घायल
National

गढ़वा में बकरियों को लेकर मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदला, एक की हत्या, चार घायल

A minor dispute over goats escalated into a bloody clash in Garhwa, leaving one dead and four injured.

3 मार्च । झारखंड के गढ़वा जिले के बड़गढ़ थाना क्षेत्र में बकरियों को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। टिहरी पंचायत के हेसातु गांव स्थित दुबियाठी टोला में दो परिवारों के बीच हुई हिंसक झड़प में 55 वर्षीय सूर्यदेव यादव की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि उनके दो पुत्रों सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

आरोप है कि सूर्यदेव यादव की तीन बकरियों को रामकिशुन यादव उर्फ दुबई यादव और उनकी पत्नी कवलिया देवी ने जहर देकर मार दिया। बकरियों की मौत के बाद सूर्यदेव यादव इस मामले की शिकायत लेकर पंचायत मुखिया विनको टोप्पो के पास पहुंचे थे।

बताया जाता है कि जब वह मृत बकरियों की तस्वीर लेने के लिए मोबाइल निकाल रहे थे, तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने उन पर हमला कर दिया।

आरोप है कि रामकिशुन यादव, राजू यादव, संतोष यादव, कवलिया देवी समेत कुल 11 लोगों ने सूर्यदेव यादव पर लाठी-डंडे और टांगी से हमला किया। हमले में सूर्यदेव यादव गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

झड़प के दौरान उनके पुत्र महेश यादव और गणेश यादव भी गंभीर रूप से घायल हुए। दो अन्य लोग भी इस मारपीट में जख्मी बताए जा रहे हैं। गंभीर रूप से घायल महेश यादव को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही बड़गढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र गणेश यादव ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है।

Exit mobile version