आम आदमी पार्टी (आप) ने पराली जलाने से रोकने के लिए पंजाब की 1200 करोड़ रुपये की मांग को खारिज करने पर भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना की और केंद्र पर पंजाब के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया है।
मंगलवार को चंडीगढ़ स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस में आप सांसद एवं वरिष्ठ प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने कहा कि मोदी सरकार लगातार पंजाब के साथ भेदभाव करती आ रही है।
इसने पहले ही पंजाब के कई फंड रोक रखे हैं, जैसे ग्रामीण विकास निधि, मंडी विकास निधि, और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन निधि, जिनकी राशि लगभग 10,000 करोड़ रुपये है।
धान की कटाई में जानबूझकर दिक्कतें पैदा की गईं। अब वे पराली जलाने से रोकने के लिए जरूरी प्रोत्साहन देने से भी इनकार कर रहे हैं। यह बेहद निंदनीय है।
कंग ने कहा कि मान सरकार लगातार किसानों को जागरूक कर रही है और पराली जलाने से रोकने के लिए उन्हें सहायता प्रदान कर रही है। पिछले ढाई वर्षों में मान सरकार के प्रयासों की बदौलत पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आई है।
कंग ने आगे कहा कि भाजपा अक्सर पंजाब के किसानों के साथ खड़े होने का दावा करती है, लेकिन जब वास्तव में उनकी मदद करने की बात आती है, तो पार्टी अपनी जिम्मेदारी से बचती है या बाधाएं पैदा करती है।