N1Live Entertainment भक्ति को नए अंदाज में पेश कर रहे अभिजीत घोषाल, ‘शिव तांडव क्लब मिक्स’ से युवाओं को जोड़ने की कोशिश
Entertainment

भक्ति को नए अंदाज में पेश कर रहे अभिजीत घोषाल, ‘शिव तांडव क्लब मिक्स’ से युवाओं को जोड़ने की कोशिश

Abhijeet Ghoshal is presenting devotion in a new way, trying to connect with the youth with 'Shiv Tandav Club Mix'.

15 अप्रैल । भक्ति संगीत का स्वरूप समय के साथ बदलता रहा है। आज की युवा पीढ़ी ऐसे अनुभव चाहती है, जो दिल से महसूस हों और ज्यादा जुड़ाव भरा रहे। इसी सोच के साथ, मासिक शिवरात्रि के मौके पर अभिजीत घोषाल अपना नया ट्रैक ‘शिव तांडव क्लब मिक्स’ लेकर आए हैं, जो भक्ति और आधुनिक संगीत के बीच एक पुल बनाने की कोशिश करता है।

मशहूर गायन मंच ‘सा रे गा मा पा’ से पहचान बनाने वाले अभिजीत घोषाल ने अपने नए ट्रैक ‘शिव तांडव क्लब मिक्स’ की घोषणा की है। यह प्रस्तुति पारंपरिक ‘शिव तांडव’ की भावना को बरकरार रखते हुए उसे एक नए अंदाज में पेश करती है। इस ट्रैक के जरिए उनका मकसद युवाओं को भक्ति संगीत से जुड़ा रखना है।

अभिजीत घोषाल ने कहा, ”इस रचना से मेरा जुड़ाव बहुत पुराना है। मैंने पहली बार 11वीं क्लास में ‘शिव तांडव’ पर काम किया था। उस समय जो अनुभव मिला, वह मेरे साथ लंबे समय तक बना रहा। समय के साथ मैंने इस पर कई प्रयोग किए और अब यह नया वर्जन उसी सफर का अगला कदम है। यह सिर्फ एक गाने का नया रूप नहीं है, बल्कि मेरी सोच का भी एक हिस्सा है।”

उन्होंने कहा, ”इस नए ट्रैक को बनाने के पीछे का मकसद लोगों को आखिर तक गाने से जोड़े रखना है। मैं मानता हूं कि कई बार भक्ति गीतों में लोग शुरुआत में तो जुड़ते हैं, लेकिन धीरे-धीरे उनका ध्यान हट जाता है। इसी चुनौती को ध्यान में रखते हुए मैंने ऐसा संगीत तैयार करने की कोशिश की, जो लगातार ऊर्जा बनाए रखे और श्रोता को पूरे समय बांधे रखे।”

‘शिव तांडव क्लब मिक्स’ में तेज बीट्स और आधुनिक म्यूजिक का इस्तेमाल किया गया है। इसको लेकर अभिजीत ने कहा, ”मैंने मूल रचना की भावना से कोई समझौता नहीं किया, बल्कि उसे आज के दौर के हिसाब से प्रस्तुत किया है। मेरा मानना है कि भक्ति संगीत में पहले से ही एक गहरी ऊर्जा होती है, जरूरत सिर्फ उसे नए अंदाज में सामने लाने की होती है।”

इससे पहले भी अभिजीत अपने ‘हनुमान चालीसा’ के क्लब मिक्स को लेकर चर्चा में रह चुके हैं, जिसे लोगों ने काफी पसंद किया था। उसी सकारात्मक प्रतिक्रिया से उन्हें और नए प्रयोग करने की प्रेरणा मिली।

Exit mobile version