N1Live Entertainment इंडियन आइडल में 22 वर्ष बाद लौटे अभिजीत सावंत और अमित सना, सीजन-1 की यादें की ताजा
Entertainment

इंडियन आइडल में 22 वर्ष बाद लौटे अभिजीत सावंत और अमित सना, सीजन-1 की यादें की ताजा

Abhijeet Sawant and Amit Sana return to Indian Idol after 22 years, reviving memories of Season 1.

म्यूजिक रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल’ के खास 75वें एपिसोड यानी ‘डायमंड जुबली स्पेशल’ का जश्न मनाया गया। इस मौके पर सीजन 1 के अभिजीत सावंत और अमित साना का दिल छू लेने वाला रीयूनियन हुआ। दोनों की जुगलबंदी ने सभी को उस दौर की याद दिला दी जब इस शो की शुरुआत हुई थी। इंडियन आइडल के स्टेज से घर-घर में मशहूर होने वाले अभिजीत सावंत और अमित सना ने 22 वर्ष बाद फिर से जलवा बिखेरा।

अभिजीत ने कहा, “इंडियन आइडल का पहला सीजन जीतने से मेरी जिंदगी ऐसे बदल गई, जिसकी मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी। रातों-रात, मैं एक सपने का पीछा करने से उसे जीने लगा, और देश भर के दर्शकों से मिले प्यार ने मुझे एक ऐसी पहचान दी जिसे मैं हमेशा संजो कर रखूंगा।”

उन्होंने आगे कहा, “डायमंड जुबली सेलिब्रेशन के लिए वापस आना बहुत इमोशनल लगता है, क्योंकि यह स्टेज ही वह जगह है जहां से मेरे लिए यह सब शुरू हुआ था। जाने-पहचाने चेहरों को देखना, उन यादगार यादों को फिर से जीना, और टैलेंटेड सिंगर्स की नई पीढ़ी की करियर यात्रा को देखना मुझे याद दिलाता है कि इंडियन आइडल सच में कितना टाइमलेस है। चाहे कितने भी साल बीत जाएं, यह शो हमेशा मेरा हिस्सा रहेगा, और इस माइलस्टोन सेलिब्रेशन का हिस्सा बनना एक सौभाग्य की बात है जिसके लिए मैं हमेशा आभारी रहूंगा।”

विशाल ददलानी के कहने पर अभिजीत ने अपना मशहूर गाना ‘मोहब्बतें लुटाऊंगा’ गाया तो सभी को तुरंत इंडियन आइडल के शुरुआती दिनों की याद आ गई। अमित सना भी उनके साथ स्टेज पर आए, यह पुरानी यादों वाली परफॉर्मेंस डायमंड जुबली एपिसोड के सबसे यादगार पलों में से एक बन गई।

अमित सना ने कहा, “जब मैं इस कॉम्पिटिशन के लिए आ रहा था, मुझे जीरो आइडिया था। फिर जब यहां आया, उस समय मैंने सोनू जी को देखा, फराह जी को देखा, अनु जी को देखा। मैं एक छोटे शहर का लड़का था। सिर्फ मैं ही नहीं, अदिति पॉल, प्राजक्ता और बहुत सारे कंटेस्टेंट भी बिल्कुल नए आए थे। उस वक्त हम में से किसी को भी नहीं पता था कि 22 साल बाद हम फिर से इंडियन आइडल के इसी स्टेज पर खड़े होंगे। यह बहुत बड़ी बात है।”

विशाल ददलानी ने कहा, “22 वर्ष बाद आप इंडियन आइडल के स्टेज पर साथ हो। सचमुच, यह एक पल है, यकीन नहीं होता! यह डायमंड जुबली सही मामले में अभी हुई है। वो वक्त, वो लम्हा जो आपने लोगों के जेहन में बनाया है, यह कभी न भूलने वाला है। कितनी चीजें बदल गई हैं, इंडिया का म्यूजिक सीन बदल गया, टेलीविजन बदल गया और सिंगर का खुद पर जो कॉन्फिडेंस था कि हम स्टार बन सकते हैं, वो आप लोगों ने बदला। आप उस पल में थे और आप आज यहां हैं। यह अविश्वसनीय है।”

बता दें कि वर्ष 2004-05 में जब ‘इंडियन आइडल’ शुरू हुआ था, तो रियलिटी शो स्पेस में इसने देश भर में एक ऐसा माहौल बना दिया था कि इंडियन टेलीविजन ने पहले कभी नहीं देखा था। पहले सीजन ने अभिजीत सावंत, अमित सना, राहुल वैद्य, प्राजक्ता शुक्रे जैसे कंटेस्टेंट को रातों-रात सेलिब्रिटी बना दिया।

अभिजीत विनर बने और उन्होंने अपना पहला एल्बम, ‘आपका… अभिजीत सावंत’ रिलीज किया, जिसमें चार्टबस्टर गाना ‘मोहब्बतें लुटाऊंगा’ था।

Exit mobile version