N1Live Entertainment तिहाड़ जेल से अभिनेता राजपाल यादव रिहा, समर्थन के लिए देशवासियों का जताया आभार
Entertainment

तिहाड़ जेल से अभिनेता राजपाल यादव रिहा, समर्थन के लिए देशवासियों का जताया आभार

Actor Rajpal Yadav released from Tihar Jail, thanks countrymen for their support

18 फरवरी । अभिनेता राजपाल यादव तिहाड़ जेल से रिहा हो गए हैं। जेल से बाहर निकलने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि मुझे बॉलीवुड में काम करते हुए 30 साल हो गए हैं। देश के लोग हमारे साथ थे, तभी मैं इतनी फिल्में कर पाया हूं।

मीडिया से बातचीत करते हुए राजपाल यादव ने कहा कि किस्सा 2012-13 में शुरू हुआ था। 2026 तक मैं 250 फिल्में कर चुका हूं। भारतीय सिनेमा से जुड़े बच्चे, बुजुर्ग और नौजवान मेरे कलेजे के टुकड़े हैं। सब मेरे साथ रहें। देश की जनता मेरे साथ रही।

उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर कोर्ट से जो भी आदेश मिला, मैंने उसका पालन किया और उनके बुलाने पर हाजिर रहा हूं। आगे भी मैं उनके आदेशों का पालन करूंगा।

राजपाल यादव ने कोर्ट का आभार जताया और कहा कि उन्होंने मेरी बात सुनी।

दिल्ली उच्च न्यायालय ने सोमवार को चेक बाउंस मामलों के संबंध में बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव की सजा पर अंतरिम निलंबन प्रदान किया। न्यायमूर्ति स्वर्ण कांता शर्मा की एकल-न्यायाधीश पीठ ने 18 मार्च तक उनकी जेल से रिहाई का आदेश दिया। यह आदेश शिकायतकर्ता कंपनी के बैंक खाते में 1.5 करोड़ रुपए जमा होने की सूचना मिलने के बाद दिया गया।

राजपाल यादव को राहत देते हुए न्यायमूर्ति शर्मा ने कहा, “अगली सुनवाई की तारीख तक सजा को अंतरिम रूप से निलंबित किया जाए। आपको अदालत में उपस्थित होना चाहिए या वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहना चाहिए। हम किसी भी प्रकार की गड़बड़ी नहीं चाहते।”

इस मामले की अगली सुनवाई 18 मार्च को होगी और राजपाल यादव तब तक हिरासत से बाहर रहेंगे।

दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा 2 फरवरी को पारित एक आदेश में राजपाल यादव को 4 फरवरी को शाम 4 बजे तक संबंधित जेल अधीक्षक के समक्ष आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया गया था।

इसके बाद राजपाल यादव ने अदालत के निर्देश का पालन करते हुए जेल अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया था।

Exit mobile version