March 23, 2026
Entertainment

अभिनेता सनी देओल ने मां को याद कर पोस्ट की खास तस्वीर

Actor Sunny Deol posted a special picture remembering his mother.

23 मार्च । अभिनेता सनी देओल इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘लाहौर 1947’ को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। यह फिल्म विभाजन के समय की कहानी पर केंद्रित है और राजकुमार संतोषी द्वारा निर्देशित है।

सोमवार को अभिनेता ने अपनी मां को याद करते हुए एक तस्वीर इंस्टाग्राम पर पोस्ट की। इस तस्वीर में सनी अपनी मां के बहुत करीब झुके हुए नजर आ रहे हैं। दोनों हल्की-हल्की मुस्कान के साथ कैमरे की तरफ देख रहे हैं। अभिनेता ने तस्वीर पोस्ट कर लिखा, “मां।”

बता दें कि दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र ने दो शादियां की थीं। उनकी पहली पत्नी प्रकाश कौर हैं। दोनों की शादी 1954 में हुई थी, जब धर्मेंद्र का फिल्मी सफर अभी शुरू भी नहीं हुआ था। इस शादी से उनके चार बच्चे हैं – दो बेटे सनी देओल और बॉबी देओल, जो दोनों ही बॉलीवुड में बड़े नाम हैं, और दो बेटियां विजेता और अजीता। प्रकाश कौर ज्यादातर मीडिया से दूर रहती हैं लेकिन सनी और बॉबी अक्सर सोशल मीडिया पर उनके साथ तस्वीर शेयर करते हैं। हालांकि, अभिनेता की बहनें भी लाइमलाइट से दूर रहती हैं।

सनी अभी हाल ही में अनुराग सिंह द्वारा निर्देशित फिल्म ‘बॉर्डर 2’ में नजर आए थे। यह जेपी दत्ता की 1997 की फिल्म ‘बॉर्डर’ का एक स्टैंडअलोन सीक्वल है। 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म एक मल्टी-फ्रंट वॉर ड्रामा है। फिल्म को पहले सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था। इसके बाद फिल्म को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम किया गया है। फिल्म को दर्शकों की तरफ से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।

इसमें वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ, अहान शेट्टी, मोना सिंह, सोनम बाजवा, मेधा राणा और अन्या सिंह भी मुख्य भूमिकाओं में हैं।

इसके अलावा, अभिनेता सनी देओल राजकुमार संतोषी द्वारा निर्देशित एक पीरियड ड्रामा फिल्म ‘लाहौर 1947’ में भी नजर आएंगे। 1947 में भारत के विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित इस फिल्म में सनी देओल, प्रीति जिंटा, शबाना आजमी, करण देओल, अली फजल और अभिमन्यु सिंह मुख्य भूमिकाओं में हैं।

Leave feedback about this

  • Service