N1Live Entertainment अभिनेत्री लॉरेन गॉटलिब ने मशहूर इंटरनेशनल डांस शो को कहा अलविदा, लिखा- ‘एक युग का अंत’
Entertainment

अभिनेत्री लॉरेन गॉटलिब ने मशहूर इंटरनेशनल डांस शो को कहा अलविदा, लिखा- ‘एक युग का अंत’

Actress Lauren Gottlieb bids adieu to the famous international dance show, writing, "End of an era."

अमेरिकी मूल का मशहूर अंतरराष्ट्रीय डांस रियलिटी शो ‘सो यू थिंक यू कैन डांस’ अपने 18 सीजन के बाद आधिकारिक तौर पर बंद होने जा रहा है। मंगलवार को अभिनेत्री लॉरेन गॉटलिब ने शो के खत्म होने का दुख जाहिर करते हुए एक पोस्ट शेयर की। दरअसल, अभिनेत्री लॉरेन ने ‘सो यू थिंक यू कैन डांस’ सीजन 3 से प्रसिद्धि हासिल की थी, जिस वजह से यह शो उनके बेहद करीब है। अभिनेत्री ने शो के दौरान का पुराना वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया। अभिनेत्री ने शो के बंद होने को ‘एक दौर का अंत’ बताया।

उन्होंने लिखा, “‘सो यू थिंक यू कैन डांस’ 18 सीजन के बाद खत्म हो गया है। साल 2007 में मैं शो में गई थी। उस समय मैं महज 18 साल की लड़की थी और एरिजोना से उस शो में डांस के लिए गई थी। तब मैंने सोचा भी नहीं था कि यह शो मेरी जिंदगी पूरी तरह से बदल देगा। मैं बस अपने सीजन का हिस्सा होने के बाद कई बार ऑल-स्टार सीजन्स में वापस आती रही थी। इतने सालों में यह शो मेरे लिए दूसरे घर जैसा था।”

अभिनेत्री ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि यह शो उनके करियर को इतनी बड़ी दिशा देगा। उन्होंने लिखा, “यह शो उस समय पूरी दुनिया में देखा जाता था, जिस वजह से रेमो डिसूजा ने मुझे देखा और अपनी फिल्म ‘एबीसीडी’ के लिए चुना और बस डांस की वजह से मेरी एक ग्लोबल यात्रा शुरू हो गई।”

उन्होंने पुराने दिनों को याद करते हुए लिखा, “19 साल बाद ऐसे पल आते हैं, जो दिल को छू लेते हैं। दो दिन पहले ही एक फ्लाइट अटेंडेंट ने मुझे रोककर कहा था कि ‘सो यू थिंक यू कैन डांस’ के समय मैं उन्हें बहुत पसंद थी। डांस भाषा, सरहदों और हर उस दीवार से ऊपर होता है जो हमें अलग करने की कोशिश करती है। डांस सीधे दिल तक पहुंचता है और यही काम इस शो ने दुनिया भर के लाखों लोगों के साथ किया।”

उन्होंने शो से जुड़े सभी लोगों को धन्यवाद दिया। उन्होंने लिखा, “कास्ट, क्रू, कोरियोग्राफर्स, जजेस, हमारे माता-पिता और सभी फैंस, आप सभी का शुक्रिया। उन यादों और उन पलों के लिए धन्यवाद, जिन्होंने हमारी जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी।”

Exit mobile version