N1Live Sports अफगानिस्तान टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए भारत आएगी, बीसीसीआई ने किया शेड्यूल का ऐलान
Sports

अफगानिस्तान टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए भारत आएगी, बीसीसीआई ने किया शेड्यूल का ऐलान

Afghanistan will travel to India for a Test and ODI series, the BCCI announced the schedule.

 

नई दिल्ली, भारत और अफगानिस्तान के बीच अक्सर टी20 मुकाबले खेले जाते हैं, लेकिन जल्द ही अफगानिस्तान और भारतीय क्रिकेट टीम के बीच टेस्ट और वनडे सीरीज होने वाली है। बीसीसीआई ने भारत-अफगानिस्तान के बीच होने वाली टेस्ट और वनडे सीरीज का ऐलान कर दिया है।

 

 

अफगानिस्तान क्रिकेट टीम जून 2026 में 1 टेस्ट और तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए भारत दौरे पर आएगी।

 

एकमात्र टेस्ट 6 से 10 जून 2026 तक न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा।

 

तीन वनडे मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 14 जून को धर्मशाला में, दूसरा मैच 17 जून को लखनऊ में और तीसरा मैच 20 जून को चेन्नई में खेला जाएगा। तीनों वनडे दोपहर 1:30 बजे से खेले जाएंगे।

 

भारत और अफगानिस्तान के बीच अब तक एकमात्र टेस्ट खेला गया है। 2018 में बेंगलुरु में खेले गए इस टेस्ट में भारतीय टीम ने पारी और 262 रन से जीत हासिल की थी। 107 रन की पारी खेलने वाले शिखर धवन प्लेयर ऑफ द मैच रहे थे। इस मैच में भारतीय टीम के कप्तान अजिंक्य रहाणे थे।

 

भारत और अफगानिस्तान के बीच 4 वनडे खेले गए हैं। आखिरी वनडे 11 अक्टूबर 2023 को खेला गया था। 4 वनडे मैचों में भारतीय टीम ने 3 में जीत हासिल की है। एक मैच टाई रहा था।

 

अफगानिस्तान टीम का टी20 विश्व कप 2026 में बेहद निराशाजनक प्रदर्शन रहा था। पिछले टी20 विश्व कप का सेमीफाइनल खेलने वाली अफगानिस्तान इस बार सुपर-8 में भी जगह नहीं बना सकी। टीम को जोनाथन ट्रॉट की जगह रिचर्ड पायबस के रूप में नया कोच भी मिल गया है। विश्व कप में खराब प्रदर्शन के बाद अफगानिस्तान टीम फिर से कैसे अपने आप को खड़ा करती है, इस पर दुनिया की अन्य टीमों की नजर है। भारत के खिलाफ होने वाले दौरे से निश्चित रूप से टीम को फायदा होगा।

Exit mobile version