March 28, 2026
National

आगरा पुलिस ने बच्ची की हत्या के मामले में फरार चल रहे इनामी को मुठभेड़ में किया ढेर

Agra police killed a wanted criminal absconding in the murder case of a girl in an encounter.

28 मार्च । आगरा के थाना ताजगंज स्थित गोबर चौकी में 24 मार्च को बच्ची की हत्या में फरार चल रहे 25000 रुपए के इनामी सुनील को पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया है। वहीं, एक दरोगा भी गोली लगने से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि आठ वर्षीय बच्ची की निर्मम हत्या के मामले में फरार सुनील कुमार के बारे में शनिवार की सुबह सूचना मिली कि बमरौली कटरा क्षेत्र में मौजूद है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी की थी। अपने आपको घिरता देख आरोपी ने पुलिस के ऊपर कई राउंड फायर कर दिया, जिसमें एक दरोगा भी घायल हो गए।

पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें सुनील को गोली लग गई। पुलिस ने तत्काल सुनील को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, सुनील की गोली से घायल दरोगा का इलाज चल रहा है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बिना नंबर की मोटरसाइकिल, एक 315 बोर का तमंचा, छह खोखा कारतूस तथा तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि ताजगंज क्षेत्र में 24 मार्च को 8 वर्षीय बच्ची अपने घर से अचानक लापता हो गई थी। परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना ताजगंज में मुकदमा दर्ज कर बच्ची की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई थीं। अगले ही दिन खोजबीन के दौरान बच्ची का शव उसी मकान में किराए पर रहने वाले सुनील के कमरे में आटा रखने वाले टीन के डिब्बे में मिला था। बच्ची की गर्दन पर चोट के निशान थे, उसकी वीभत्स तरीके से हत्या की गई थी। घटना के बाद से आरोपी सुनील फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 12 टीमें गठित की गई थीं। इसके बाद उस पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था।

Leave feedback about this

  • Service