N1Live National अखिलेश ने प्रदूषण के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरा, बोले- झूठे आंकड़ों से असहनीय तकलीफ को ढकना चाहती है सरकार
National

अखिलेश ने प्रदूषण के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरा, बोले- झूठे आंकड़ों से असहनीय तकलीफ को ढकना चाहती है सरकार

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदूषण के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट के जरिए सरकार पर प्रदूषण के आंकड़ों को लेकर सच्चाई छिपाने का आरोप लगाया। सपा प्रमुख ने कहा कि दिल्ली में बैठी भ्रष्ट भाजपा सरकार झूठे आंकड़ों की चादर से प्रदूषण की असहनीय तकलीफ को ढकना चाहती है। प्रदूषण के स्तर का सच उन मासूम बच्चों, बीमारों और बुजुर्गों से पूछना चाहिए, जो एक-एक सांस लेने के लिए जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।

अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, “भाजपा झूठी थी, झूठी है और झूठी ही रहेगी।” ज्ञात हो कि दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण का असर अब जनजीवन पर भी साफ दिखाई देने लगा है। राजधानी के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 400 के आसपास पहुंचने से हवा की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है। जहरीली धुंध के कारण कई स्थानों पर दृश्यता भी प्रभावित हुई है।

हालात ऐसे हैं कि लोगों को नजदीक की वस्तुएं देखने में भी परेशानी हो रही है। पिछले कई दिनों से दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब से गंभीर श्रेणी में बनी हुई है। कम दृश्यता के कारण सड़क यातायात के साथ ही रेल और हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए दिल्ली की सीमाओं पर वाहनों की जांच और निगरानी बढ़ा दी गई है। ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) के तीसरे चरण की पाबंदियां लागू होने के बाद यातायात पुलिस, परिवहन विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीमें सड़कों पर अभियान चला रही हैं। इस दौरान प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों की जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version