March 27, 2026
National

ईंधन संकट पर अखिलेश यादव का सरकार पर हमला, बोले-कैमरे झूठ नहीं बोलते

Akhilesh Yadav attacks the government over the fuel crisis, saying cameras don’t lie.

27 मार्च । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दावा किया है कि पेट्रोल पंप हो या फिर गैस एजेंसी, इसके बाहर लोगों की लंबी कतारें हैं। कैमरे कभी झूठ नहीं बोलते। यह नए जमाने की आंखें हैं, जो दिखाई देता है, वह रिकॉर्ड होता है।

एलपीजी और पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर अखिलेश यादव ने लखनऊ में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि मैं मीडिया के मित्रों से कहूंगा कि आपके कैमरे झूठ नहीं बोल सकते हैं। कैमरा जो देखेगा वह रिकॉर्ड करेगा। किसी भी पेट्रोल पंप या गैस एजेंसी पर चले जाइए। लोगों की लंबी लाइन है। पेट्रोल और गैस लेने के लिए रातभर से लोग इंतजार कर रहे हैं।

सपा प्रमुख ने कहा कि एक तरफ पीएम मोदी सदन में कोविड जैसी परिस्थितियों के बारे में कह रहे हैं, दूसरी तरफ उनकी पार्टी के नेता झूठ बोल रहे हैं। यूपी के सीएम और डिप्टी सीएम को भी सच बोलना चाहिए। देश की जनता भोली है। उन्हें सच बताइए, वे खाना पकाने के लिए अन्य व्यवस्था को अंजाम दे सकते हैं, लेकिन झूठ मत बोलिए।

उन्होंने नाम लिए बगैर यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि वह नाम के डिप्टी सीएम हैं। आज के जमाने में डिप्टी सीएम डिलीवरी बॉय हो सकते हैं, उन्हें अपना मोबाइल नंबर सार्वजनिक कर देना चाहिए और कहना चाहिए कि कहीं दिक्कत है तो संपर्क करें।

अखिलेश यादव ने आगे कहा कि भाजपा और डिप्टी सीएम कह रहे हैं कि पेट्रोल-डीजल गैस की कमी नहीं है तो इन लोगों ने ही ईंधन की जमाखोरी की है। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि डिप्टी सीएम सभी को सिलेंडर उपलब्ध कराएंगे।

गुरुवार को प्रेस वार्ता के दौरान अखिलेश यादव ने कहा था कि गैस की समस्या को देखते हुए उन्होंने अपने घर पर मिट्टी के दो चूल्हे मंगवा लिए हैं। अखिलेश यादव के इस बयान पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि अगर उनके यहां सिलेंडर न हो तो वो हमारे यहां सूचना भेज दें, हम सिलेंडर भिजवा देंगे।

Leave feedback about this

  • Service