N1Live Entertainment अक्षय कुमार को आज भी सताता है पुराना वाकया, ‘शार्क्स’ के सामने किया जिक्र
Entertainment

अक्षय कुमार को आज भी सताता है पुराना वाकया, ‘शार्क्स’ के सामने किया जिक्र

Akshay Kumar is still haunted by an old incident, he mentioned it in front of 'Sharks'

13 फरवरी । अभिनेता अक्षय कुमार अपनी फिटनेस और चुलबुले अंदाज के लिए मनोरंजन जगत में काफी मशहूर हैं। इन दिनों वे गेम शो ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून’ की मेजबानी कर रहे हैं। ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून इंडिया’ के आने वाले स्पेशल एपिसोड में ‘शार्क टैंक इंडिया’ के मशहूर शार्क्स अमन गुप्ता, अनुपम मित्तल और नमिता थापर बतौर गेस्ट शिरकत करेंगे।

शो के दौरान मजेदार रैपिड-फायर राउंड में अमन गुप्ता ने अक्षय से सवाल किया, “आपका सबसे ज्यादा बेइज्जती वाला मोमेंट कौन सा रहा है?”

वैसे तो अक्षय ऐसे सवालों का जवाब मजाकिया या फिर डिप्लोमैटिक देते हैं, लेकिन इस बार उन्होंने अलग अंदाज में दिया। अभिनेता ने पुराना किस्सा सुनाया और बताया कि ये आज भी उन्हें काफी परेशान करता है।

अक्षय ने बताया, “कई साल पहले मैं अपने करीबी दोस्त के साथ एक बड़ी पार्टी में गया था। वहां पर एक व्यक्ति मेरे दोस्त को बार-बार अपशब्द कह रहा था। पहले तो, मैंने उसे रोका, मना किया, लेकिन वह मान ही नहीं रहा था। मैंने उसे एक-दो बार नहीं बल्कि चार-पांच बार चेतावनी दी कि रुक जा, लेकिन वह रुकने का नाम ही नहीं ले रहा था।”

अक्षय ने बताया कि उन्होंने आखिर में उस व्यक्ति को जोर से थप्पड़ मार दिया था, जिसके बाद वह बेहोश हो गया था। उन्होंने कहा, “इसके बाद पूरी पार्टी में हड़कंप मच गया। मेरे दोस्त को काफी शर्मिंदगी हुई कि वह रोने लगा और मैं भी बहुत घबरा गया था। मुझे लगा कि अब मेरा करियर तो गया।”

अक्षय ने आगे बताया कि उन्होंने उस पर पानी डाला और मन ही मन प्रार्थना कर रहे थे कि काश वो होश में आ जाए। उन्होंने कहा, “शुक्र है, कुछ देर बाद वो होश में आ गया। मेरे लिए वो पल किसी चमत्कार से कम नहीं था।”

अभिनेता ने इस घटना को अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा गलत फैसला बताया। उन्होंने कहा, “यह मेरे लिए असली बेइज्जती वाला पल था। आज ऐसी स्थिति आए, तो मैं कभी ऐसा रिएक्ट नहीं करूंगा। मैं बस चुपचाप वहां से चला जाऊंगा।”

‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून इंडिया’ का स्पेशल एपिसोड 16 फरवरी को सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर रात 9 बजे और सोनी लिव पर स्ट्रीम होगा।

Exit mobile version