N1Live National दिल्ली में चलती बस में नाबालिग से गैंगरेप का आरोप, ‘आप’ ने सरकार पर साधा निशाना
National

दिल्ली में चलती बस में नाबालिग से गैंगरेप का आरोप, ‘आप’ ने सरकार पर साधा निशाना

Allegation of gang rape of a minor in a moving bus in Delhi, 'AAP' targeted the government

दिल्ली में चलती बस में एक नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने राजधानी की कानून-व्यवस्था को लेकर राजनीतिक बहस तेज कर दी है। आम आदमी पार्टी ने इस घटना को लेकर केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार पर निशाना साधा।

‘आप’ दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली को बच्चों के खिलाफ यौन अपराधों के मामले में असुरक्षित बताते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में छोटे बच्चों और नाबालिगों से जुड़े यौन उत्पीड़न के कई मामले सामने आए हैं। उन्होंने दावा किया कि रविवार को भी तीन साल की बच्ची के साथ स्कूल वैन में यौन उत्पीड़न और तीन साल के बच्चे के प्ले स्कूल में यौन उत्पीड़न की घटनाओं की जानकारी सामने आई।

सौरभ भारद्वाज ने जनकपुरी के एक निजी स्कूल में तीन साल की बच्ची से दुष्कर्म के पुराने मामले का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में सरकार की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने स्कूल प्रबंधन पर पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों के उल्लंघन सहित कई गंभीर आरोप लगाए और कहा कि स्कूल में सीसीटीवी कैमरे बंद होने, पॉक्सो प्रशिक्षण की कमी तथा चाइल्ड वेलफेयर के लिए समुचित व्यवस्था नहीं होने जैसे मुद्दे जांच में सामने आए थे।

‘आप’ नेता ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित स्कूल की फाइल राजस्व विभाग से गायब हो गई और दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश के बावजूद उसे उपलब्ध नहीं कराया गया। उन्होंने दिल्ली सरकार से सवाल किया कि मामले में अब तक क्या कार्रवाई की गई है।

दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने भी बस में नाबालिग के साथ कथित गैंगरेप की घटना को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि घटना नोएडा से दिल्ली आने वाली बस में हुई। आतिशी ने सवाल उठाया कि संवेदनशील रूट पर चलती बस में इतनी गंभीर वारदात होने के दौरान पुलिस की भूमिका क्या थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस राजनीतिक विरोधियों पर कार्रवाई करने में तेजी दिखाती है, लेकिन महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ होने वाले गंभीर अपराधों को रोकने में विफल साबित हो रही है।

आतिशी ने कहा कि अपराधियों के मन से पुलिस का डर खत्म हो गया है और सरकार को महिलाओं तथा बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।

‘आप’ के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने भी घटना को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि निर्भया कांड के बाद भी महिलाओं की सुरक्षा के मोर्चे पर स्थिति में अपेक्षित बदलाव नहीं आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों को परेशान करने के लिए किया जा रहा है।

पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने आरोप लगाया कि दिल्ली में हत्या, रंगदारी, ड्रग्स, वसूली, रेप और गैंगरेप जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं और आम आदमी असुरक्षित महसूस कर रहा है।

Exit mobile version