N1Live Entertainment ‘दृश्यम 3’ के डिजिटल राइट्स पर अमेजन का बड़ा दावा, किसी भी तीसरे पक्ष को दी सख्त चेतावनी
Entertainment

‘दृश्यम 3’ के डिजिटल राइट्स पर अमेजन का बड़ा दावा, किसी भी तीसरे पक्ष को दी सख्त चेतावनी

Amazon claims digital rights for 'Drishyam 3', issues stern warning to any third party

4 अप्रैल । भारतीय सिनेमा में कुछ फिल्में ऐसी होती हैं जो सिर्फ मनोरंजन नहीं करतीं, बल्कि अपनी कहानी, सस्पेंस और किरदारों की वजह से दर्शकों के दिलों में खास जगह बना लेती हैं। ऐसी ही एक फिल्म है ‘दृश्यम’, जिसने रिलीज के बाद से ही एक अलग पहचान बना ली है। अब इस फिल्म के तीसरे पार्ट ‘दृश्यम 3’ को लेकर चर्चाएं तेज हैं। फिल्म अभी रिलीज से पहले ही सुर्खियों में है, लेकिन इस बार वजह इसकी कहानी नहीं, बल्कि इसके डिजिटल अधिकारों को लेकर सामने आया बड़ा बयान है।

दरअसल, ई-कॉमर्स और डिजिटल प्लेटफॉर्म की बड़ी कंपनी अमेजन ने ‘दृश्यम 3′ को लेकर एक आधिकारिक सार्वजनिक नोटिस जारी किया है। इस नोटिस में कंपनी ने साफ तौर पर कहा है कि अभिनेता मोहनलाल की इस बहुप्रतीक्षित फिल्म के सभी डिजिटल अधिकार केवल और केवल अमेजन के पास हैं। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि ये अधिकार उसे आशीर्वाद सिनेमा के साथ हुए एग्रीमेंट के तहत मिले हैं, और इस पर किसी अन्य का कोई अधिकार नहीं है।

अमेजन ने अपने बयान में विस्तार से कहा, ”’दृश्यम 3’ के सभी प्रकार के डिजिटल राइट्स, चाहे वह एसवीओडी (सब्सक्रिप्शन वीडियो ऑन डिमांड), टीवीओडी (ट्रांजेक्शनल वीडियो ऑन डिमांड), एवीओडी (एड-आधारित वीडियो ऑन डिमांड), एफवीओडी (फ्री वीडियो ऑन डिमांड) या ईएसटी (इलेक्ट्रॉनिक सेल-थ्रू) हों, सभी पर हमारा अकेला और एक्सक्लूसिव राइट्स है।”

कंपनी ने कहा, ”इन राइट्स को किसी भी अन्य व्यक्ति, कंपनी या प्लेटफॉर्म को देने का अधिकार अब आशीर्वाद सिनेमाज या उससे जुड़े किसी भी पक्ष के पास नहीं है।”

अपने बयान में अमेजन ने सख्त चेतावनी भी दी है। कंपनी ने कहा, ”अगर कोई व्यक्ति, संस्था या डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘दृश्यम 3’ के डिजिटल अधिकारों से जुड़ी कोई भी डील अमेजन की अनुमति के बिना करता है, तो ऐसा अपने जोखिम पर करे। ऐसे मामलों में होने वाले किसी भी नुकसान, खर्च या कानूनी परिणाम के लिए वही जिम्मेदार होगा। हम अपने अधिकारों की रक्षा के लिए कानूनी कदम उठाने से पीछे नहीं हटेंगे।”

‘दृश्यम’ फिल्म का पहला पार्ट 2013 में रिलीज हुआ था। इस फिल्म ने कई रिकॉर्ड बनाए थे, जबकि 2021 में आई दूसरी फिल्म को भी सिनेमाघरों और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर शानदार प्रतिक्रिया मिली थी। अब ‘दृश्यम 3’ से भी दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं।

Exit mobile version