N1Live National गोपाल कृष्ण गोखले की पुण्यतिथि पर अमित शाह समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
National

गोपाल कृष्ण गोखले की पुण्यतिथि पर अमित शाह समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

Amit Shah and other leaders paid tribute to Gopal Krishna Gokhale on his death anniversary.

19 फरवरी । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के एक उदारवादी राजनीतिक नेता और समाज सुधारक गोपाल कृष्ण गोखले की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “गोपाल कृष्ण गोखले ने आजादी के आंदोलन से युवाओं को जोड़कर स्वाधीनता के लिए उन्हें प्रेरित किया, वहीं अस्पृश्यता उन्मूलन व समाज सुधार के लिए भी निरंतर कार्य किए। देशहित के विषयों पर गोखले जी अपनी स्पष्टवादिता के लिए जाने जाते थे। गोपाल कृष्ण गोखले जी को उनकी पुण्यतिथि पर नमन।”

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “कानूनी राजनीति के मार्ग से स्वतंत्रता संग्राम की नींव रखने वाले कुशल राजनेता, सामाजिक नेता और महान समाज सुधारक गोपाल कृष्ण गोखले को उनकी पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि।”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोपाल कृष्ण गोखले को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, “भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन को वैचारिक दिशा देने और सामाजिक सुधार के लिए आपका योगदान राष्ट्र निर्माण की अमूल्य धरोहर है। आपके आदर्श और विचार सदैव लोकतांत्रिक चेतना को प्रेरणा देते रहेंगे।”

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने अपने पोस्ट में लिखा, “भारतीय स्वाधीनता आंदोलन के विचारशील नेतृत्वकर्ता और प्रमुख समाज सुधारक गोपाल कृष्ण गोखले जी ने संवैधानिक सुधार, शिक्षा विस्तार और सामाजिक न्याय के माध्यम से राष्ट्रनिर्माण की दिशा को सुदृढ़ किया। सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी, बौद्धिक स्पष्टता और नैतिक उत्तरदायित्व को उन्होंने राष्ट्रीय चेतना का आधार बनाया। उनकी पुण्यतिथि पर उनके विचारों और राष्ट्रसेवी योगदान का सम्मानपूर्वक स्मरण।”

वहीं, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गोपाल कृष्ण गोखले को भारत के स्वतंत्रता संग्राम के सबसे बड़े नेताओं में से एक और महात्मा गांधी के ‘राजनीतिक गुरु’ के रूप में याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा, “औपनिवेशिक शासन के खिलाफ लड़ाई में उनका अमूल्य योगदान आज भी पीढ़ियों को न्याय, स्वतंत्रता और राष्ट्र निर्माण के मार्ग पर प्रेरित करता है।”

Exit mobile version