N1Live National ऑनर किलिंग मामले में कथित भूमिका को लेकर आंध्र का पुलिसकर्मी निलंबित
National

ऑनर किलिंग मामले में कथित भूमिका को लेकर आंध्र का पुलिसकर्मी निलंबित

Andhra Pradesh policeman suspended for alleged role in honour killing case

5 अप्रैल । आंध्र प्रदेश के पालनाडु जिले में एक पुलिस अधिकारी को ऑनर ​​किलिंग के एक मामले में कथित संलिप्तता के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।

जिले के पुलिस अधीक्षक कृष्णा राव ने रविवार को सर्किल इंस्पेक्टर टी वेंकटरमण को निलंबित कर दिया। उन पर आरोप है कि उन्होंने 22 साल की एक महिला के माता-पिता से पैसे लेकर उसे उनके हवाले कर दिया, जबकि उसने अपनी मर्जी से प्रेम विवाह किया था। बताया जा रहा है कि पुलिस अधिकारी की इस कार्रवाई के बाद ही महिला की हत्या हो गई।

माचेरला शहर में कथित तौर पर चौदेश्वरी नामक एक महिला की उसके पिता ने गला घोंटकर हत्या कर दी। उसकी मृत्यु 18 मार्च 2026 को हुई थी। शुरू में इस मामले को आत्महत्या माना जा रहा था। हालांकि, 4 अप्रैल को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह संकेत मिला कि यह आत्महत्या नहीं थी।

चौदेश्वरी को जम्मलमडाका के रहने वाले नागराजू से प्यार हो गया था। उसके परिवार ने इस रिश्ते का विरोध किया, क्योंकि उन्होंने उसकी शादी किसी और से तय कर दी थी। घरवाले के इस फैसले के बाद 4 मार्च को वह अपने घर से भाग गई और कथित तौर पर अपने प्रेमी नागराजू से शादी कर ली।

चौदेश्वरी के पिता चंद्र श्रीनू ने माचेरला पुलिस में अपनी बेटी की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। उनके परिवार वालों ने पुलिस थाने के सामने प्रदर्शन भी किया था। उन्होंने लापता महिला का पता लगाने में पुलिस की निष्क्रियता का आरोप लगाया था।

इसके बाद, नवविवाहित जोड़े को पुलिस ने बुलाया और पूछताछ के दौरान चौदेश्वरी ने पुलिस को बताया कि वह बालिग है और यह शादी उसकी सहमति से हुई है। जब समुदाय के बड़ों ने उसे समझाने की कोशिश की, तो उसने कहा कि वह अपने पति के साथ जाना चाहती है और उसके साथ ही रहना चाहती है। हालांकि, बताया जा रहा है कि पुलिस ने महिला को उसके माता-पिता के साथ भेज दिया।

इसके बाद, 18 मार्च को चंद्र श्रीनू ने एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर, कथित तौर पर अपनी सोती हुई बेटी का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उन्होंने इसे आत्महत्या का मामला दिखाने की कोशिश की।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद, पुलिस ने चंद्र श्रीनू को हिरासत में ले लिया और जांच शुरू कर दी।

Exit mobile version