N1Live National आंगनबाड़ी का मानदेय चार गुना बढ़ाया, सपा का चोला बदलने से चरित्र नहीं बदलेगा : मंत्री अनिल राजभर
National

आंगनबाड़ी का मानदेय चार गुना बढ़ाया, सपा का चोला बदलने से चरित्र नहीं बदलेगा : मंत्री अनिल राजभर

Anganwadi honorarium increased fourfold; changing the SP's garb won't change its character: Minister Anil Rajbhar.

यूपी सरकार द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 8 हजार से बढ़ाकर 12 हजार और सहायिकाओं का 4 हजार से बढ़ाकर 6 हजार किए जाने पर मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि पीएम मोदी और सीएम योगी के नेतृत्व में मानदेय में बढ़ोतरी हुई है, जिससे कार्यकर्ताओं में हर्ष है। उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि चोला बदलने से चरित्र नहीं बदलता और सत्ता के लिए सपा ढोंग कर रही है।

उत्तर प्रदेश के मंत्री अनिल राजभर ने कहा, “उत्तर प्रदेश की सरकार ने जो आंगनबाड़ी बहनों के मानदेय को 8,000 से लेकर 12,000 और सहायिकाओं का 4,000 से बढ़ाकर 6,000 करने का फैसला किया है, जब से उत्तर प्रदेश में हमारी सरकार बनी है, पीएम मोदी और मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में आंगनबाड़ी बहनों और सहायिकाओं के मानदेय को चार गुना ज्यादा बढ़ाने का काम किया है। इसलिए आज उनका मनोबल बढ़ा हुआ है। चारों तरफ हर्ष का माहौल है।”

उन्होंने बताया कि हाल ही में सरकार ने शिक्षा मित्रों और रसोइयों के मानदेय में भी बढ़ोतरी की है। साथ ही आउटसोर्स पर काम करने वाले कर्मचारियों के लिए न्यूनतम वेतन तय किया गया है। इस क्षेत्र में आरक्षण लागू करने का अहम फैसला भी लिया गया है। हमारे कर्मचारियों के लिए बेहतर और सकारात्मक वातावरण के निर्माण का काम हुआ है। उत्तर प्रदेश के विकास में आज वो बढ़-चढ़कर अपनी भूमिका और योगदान सुनिश्चित कर रहे हैं।

सपा को घेरते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी चोला बदलना चाहती है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मैं कहना चाहता हूं कि चोला बदलने से चरित्र नहीं बदलता है। समाजवादी छात्र सभा के चरित्र को उत्तर प्रदेश का हर नौजवान जानता है। 2012 से 2017 तक प्रदेश के स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों में किस तरह का उपद्रव सपा छात्र संघ के छात्रों ने किया, दलितों को परेशान किया, क्या प्रदेश भूल सकता है? सत्ता पाने के लिए आज सपा ढोंग कर रही है।

मंत्री ने कहा कि इसी यूपी के अंदर तत्कालीन सरकार ने दलित महापुरुषों के नाम पर जिला बनाया, इनकी सरकार आई तो 24 घंटे के अंदर इन नामों को बदल दिया। बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के नाम पर लखनऊ में पार्क बना है। जब इनकी सरकार बनी, तो इन्होंने बिजली काट दी, वहां के मालियों, सफाईकर्मियों और सुरक्षकर्मियों को हटा दिया। भाजपा की सरकार बनी, तो हमने सबको बहाल किया। आज बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के पार्क को सजाने का काम उत्तर प्रदेश की योगी सरकार कर रही है। सपा और उनके नेता का दोहरा चरित्र ठीक नहीं है।

Exit mobile version