N1Live Entertainment अनिल कपूर और सुनीता कपूर की शादी के 42 साल पूरे, एक्टर ने शेयर किया भावुक नोट
Entertainment

अनिल कपूर और सुनीता कपूर की शादी के 42 साल पूरे, एक्टर ने शेयर किया भावुक नोट

Anil Kapoor and Sunita Kapoor celebrate 42 years of marriage, actor shares emotional note

अभिनेता अनिल कपूर मंगलवार को पत्नी सुनीता के साथ शादी की 42वीं सालगिरह मना रहे हैं। इस मौके पर उन्होंने इंस्टाग्राम पर पत्नी के साथ अपनी कुछ यादगार तस्वीरें पोस्ट कीं, जिनमें उनके साथ बिताए गए पल और शादी की खूबसूरत झलक शामिल है। अनिल कपूर ने पत्नी के लिए खास नोट लिखा।

अनिल कपूर ने लिखा, “हमारी शादी बेहद साधारण तरीके से हुई थी। बिना किसी तामझाम, शोर-शराबे या भव्य आयोजन के यह शादी मात्र 30 मिनट में संपन्न हुई थी। उस समय दोनों शादी के बाद साथ घूमने भी नहीं गए थे। उन्होंने लिखा, “शादी में सिर्फ हमारे माता-पिता, कुछ करीबी और हम दोनों शामिल थे तब हमने कभी नहीं सोचा था कि वे 30 मिनट हमारे 53 साल के इस खूबसूरत सफर की शुरुआत साबित होंगे। सच में, हमारी जोड़ी ऊपरवाले ने ही बनाई थी। तुम्हारी वजह से ही मैं अपने सारे सपने पूरे कर पाया।”

अनिल कपूर ने अपनी सफलता का पूरा श्रेय पत्नी सुनीता को दिया। उन्होंने लिखा, “मैं पहले भी कह चुका हूं और हमेशा कहूंगा कि तुम ही हो जिसकी वजह से सब कुछ इतना अच्छा चला। तुम्हारी वजह से मैं अपने सपने पूरे कर पाया, हर रिस्क ले पाया और हर काम दिल से कर पाया। क्योंकि मुझे हमेशा पता था कि तुम प्यार और समझदारी से सब संभाल लोगी।”

अनिल और सुनीता का यह सफर कुल 53 साल पुराना है, जिसमें दोनों की शादी को 42 साल हो गए हैं। अभिनेता ने सुनीता को साथ में लंबा सफर तय कर पाने को लेकर लिखा, “53 साल तक हर दिन मुझे चुनने के लिए शुक्रिया। मैं इस प्यार को कभी हल्के में नहीं लेता। मेरी सबसे अच्छी दोस्त, मेरी साथी, मेरी पूरी दुनिया…हैप्पी एनिवर्सरी, मेरे प्यार। आने वाले और खूबसूरत सालों के नाम।”

अनिल कपूर और पत्नी सुनीता कपूर की लव स्टोरी एक प्रैंक कॉल से शुरू हुई थी। दरअसल, अनिल कपूर उस समय स्ट्रगल कर रहे थे और उनकी एक महिला मित्र ने शरारत में सुनीता (जो उस समय एक सफल मॉडल थीं) को अनिल कपूर का नंबर दे दिया था। जब अनिल कपूर ने सुनीता को फोन किया, तो पहली ही बातचीत में उन्हें सुनीता की आवाज से प्यार हो गया।

आवाज के दीवाने हुए अनिल कपूर ने इसके बाद एक पार्टी में सुनीता से मुलाकात की। दोनों दोस्त बने और धीरे-धीरे यह रिश्ता प्यार में बदल गया। उन दिनों सुनीता एक बड़ी मॉडल थीं और अनिल संघर्ष के दौर से गुजर रहे थे। सुनीता ने हमेशा उन्हें सपोर्ट किया और कभी उनके प्रोफेशन या आर्थिक स्थिति को लेकर कोई दबाव नहीं बनाया, यहां तक कि कई बार डेट्स पर वह खुद ही बिल चुका दिया करती थीं।

Exit mobile version