N1Live Entertainment खेतों में हल चलाकर परिवार की तकदीर बदलेंगी अंजना सिंह, ‘किसान बहुरिया’ का ट्रेलर रिलीज
Entertainment

खेतों में हल चलाकर परिवार की तकदीर बदलेंगी अंजना सिंह, ‘किसान बहुरिया’ का ट्रेलर रिलीज

Anjana Singh will change the fate of her family by ploughing the fields, the trailer of 'Kisan Bahuriya' is released.

भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री अंजना सिंह एक बार फिर दर्शकों को मनोरंजन का तड़का देने के लिए पारिवारिक ड्रामा फिल्म ‘किसान बहुरिया’ लेकर आ रही हैं। यह फिल्म एक ऐसी महिला पर केंद्रित है, जो पारिवारिक रिश्तों और एक बहू के संघर्ष को बखूबी से दिखाती है।

शनिवार को फिल्म के मेकर्स ने इसका ट्रेलर जारी कर दिया है। 4 मिनट 47 सेकंड का ट्रेलर काफी प्रभावशाली और मनोरंजक है। ट्रेलर में अंजना ने एक ऐसी महिला का किरदार निभाया है, जो शादी के बाद ससुराल में खेती-बाड़ी संभालकर घर की स्थिति सुधारती है।

ट्रेलर की शुरुआत में दिखाया जाता है कि अंजना की शादी एक ऐसे लड़के से होती है, जिसकी मानसिक स्थिति के कारण हर कोई उसे ताना देता है। यह किरदार प्रशांत सिंह ने निभाया है। फिल्म में प्रशांत सिंह को एक ऐसे पति के रूप में दिखाया गया है, जो कोई काम नहीं करता और समाज में उसकी वजह से अंजना को ताने सुनने पड़ते हैं। लोग सोचते हैं कि ऐसे लड़के से शादी कौन करेगा, लेकिन अंजना की उससे शादी हो जाती है।

कहानी में मोड़ तब आता है, जब अंजना पति की ऐसी हालत देखकर घर की जिम्मेदारी और खेती करना शुरू करती है और आर्थिक स्थिति सुधारती है। साथ ही, परिवार में खुशहाली लाती है। कहानी बहू की हिम्मत, किसानी के महत्व और रिश्तों की मजबूती को दर्शाती है। ट्रेलर में भावनात्मक पल के साथ-साथ मजेदार और प्रेरक क्षण भी हैं, जो दर्शकों को बांधे रखते हैं।

अंजना सिंह भोजपुरी इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री हैं। उन्होंने कई हिट फिल्में दी हैं और इस बार भी ‘किसान बहुरिया’ में उनका किरदार दर्शकों को खूब पसंद आने की उम्मीद है। प्रशांत सिंह भी अपनी एक्टिंग से फिल्म में जान डालने वाले हैं। इसमें ओम झा ने संगीत दिया है। ऐसा पहली बार नहीं है जब फिल्म में अंजना प्रशांत के साथ काम कर रही हैं। दोनों इससे पहले कई फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं।

Exit mobile version