April 4, 2026
National

दिल्ली में नशे के खिलाफ अभियान तेज, 56 ग्राम स्मैक के साथ महिला गिरफ्तार

Anti-drug campaign intensifies in Delhi, woman arrested with 56 grams of smack

4 अप्रैल । दिल्ली के शाहदरा इलाके में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के पास से 56.39 ग्राम स्मैक भी जब्त किया है, जिसकी बाजार कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई जा रही है।

यह कार्रवाई 2 अप्रैल 2026 को की गई, जब पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि न्यू सीमापुरी इलाके में एक महिला स्मैक की खरीद-फरोख्त में लगी हुई है। यह महिला जेतुन उर्फ विधवा नाम से जानी जाती है और इलाके में लंबे समय से इस अवैध धंधे में शामिल है।

सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर विनोद कुमार के नेतृत्व में एक टीम तैयार की गई, जिसमें एसआई धीर, एएसआई शोकिंदर, हेड कांस्टेबल राजेश, वेदपाल, पंकज, अर्जुन, दीपक और महिला कांस्टेबल शिवानी शामिल थी। इस पूरी कार्रवाई की निगरानी एसीपी मोहितर सिंह कर रहे थे। टीम ने योजना बनाकर न्यू सीमापुरी के मछली मार्केट इलाके में छापा मारा और आरोपी महिला को पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद जब महिला की तलाशी ली गई तो उसके कपड़ों में छिपाकर रखे गए एक छोटे पॉलिथीन पैकेट से 56.39 ग्राम स्मैक बरामद हुई। बरामदगी के बाद पुलिस ने सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए माल जब्त कर लिया और आरोपी के खिलाफ सीमापुरी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया।

पूछताछ के दौरान महिला ने खुलासा किया कि वह किस सप्लायर से यह नशा लाती थी। इसके बाद पुलिस अब उस पूरे नेटवर्क को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है, ताकि ड्रग्स सप्लाई की पूरी चेन का खुलासा किया जा सके।

मछली मार्केट, न्यू सीमापुरी की रहने वाली जेतुन उर्फ विधवा, जिसकी उम्र करीब 60 साल है, पहले सब्जी बेचकर अपना गुजारा करती थी। खराब आर्थिक स्थिति के चलते वह गलत संगत में आ गई और ड्रग्स का धंधा शुरू कर दिया। पुलिस के मुताबिक, वह पहले भी एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में शामिल रह चुकी है, जिससे साफ है कि वह इस काम की आदी हो चुकी थी।

फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े बाकी लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

Leave feedback about this

  • Service