N1Live Entertainment अनुपम खेर और किरण खेर ने मनाई 41वीं सालगिरह, एक्टर बोले-आपसी सम्मान है सबसे जरूरी
Entertainment

अनुपम खेर और किरण खेर ने मनाई 41वीं सालगिरह, एक्टर बोले-आपसी सम्मान है सबसे जरूरी

Anupam Kher and Kirron Kher celebrate their 41st anniversary; actor says mutual respect is paramount.

अभिनेता अनुपम और अभिनेत्री किरण खेर बुधवार को अपनी शादी की 41 सालगिरह मना रहे हैं। इस मौके पर अभिनेता ने पत्नी किरण खेर को शुभकामाएं देने के साथ-साथ जिंदगी का अहम हिस्सा बताया। अभिनेता अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम पर पत्नी किरण खेर के साथ कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसके जरिए उन्होंने जिंदगी के हसीन पलों को याद कर बताया कि शादी के साथ-साथ आपसी सम्मान बहुत जरूरी होना चाहिए।

उन्होंने लिखा, “हमें शादी की 41वीं सालगिरह की हार्दिक शुभकामनाएं। जब आप अपनी सालगिरह पर तस्वीर पोस्ट करने के लिए फोटो ही ढूंढने लगे क्योंकि पहले की सालगिरह पर ज्यादातर फोटो पोस्ट कर चुके हैं, तो समझ जाइए कि आपकी शादी को बहुत लंबा समय बीत गया है।

अभिनेता ने आगे लिखा, “41 सालों में प्यार, हंसी, झगड़े, असहमतियां, साथ, अपनी-अपनी जर्नी, मुश्किल वक्त और शानदार वक्त सब देखा। दूसरे शब्दों में कहें तो एक शादी। किरण और मैं बहुत अलग हैं और शायद इसी वजह से ये 41 साल इतने दिलचस्प रहे। हमने हमेशा एक-दूसरे को खुद बने रहने की आजादी दी है। प्यार तो है ही लेकिन सालों के साथ मुझे लगता है कि आपसी सम्मान भी उतना ही कीमती हो जाता है।”

अभिनेता का मानना है कि जिंदगी तब और खूबसूरत हो जाती है, जब किसी ने उसका बड़ा हिस्सा देखा हो। उन्होंने लिखा, “जिंदगी बदलती है, लोग बदलते हैं, हालात बदलते हैं, लेकिन ये जानना बहुत खूबसूरत होता है कि इतने सालों बाद भी कोई है जिसने आपकी और अपनी जिंदगी का इतना बड़ा हिस्सा देखा हो। तो ये रहे हमारे 41 साल। अधूरे, आजाद, कभी-कभी चिढ़ाने, कभी-कभी असंभव लगने वाले, लेकिन हमेशा एक-दूसरे के साथ। हैप्पी एनिवर्सरी, प्यारी किरण खेर भगवान हमें आशीर्वाद दे और हम कई और सालों तक एक-दूसरे के साथ चलते रहें। हमेशा प्यार।”

बता दें कि अभिनेता अनुपम खेर और किरण खेर की यह दूसरी शादी थी। इससे पहले अभिनेता ने साल 1979 में मधुमालती कपूर से की थी, जो जल्द ही टूट गई थी। इसके बाद उन्होंने 26 अगस्त 1985 को अभिनेत्री किरण खेर से दूसरी शादी की। किरण की भी यह दूसरी शादी थी; इससे पहले उनका विवाह गौतम बेरी से हुआ था, जिनसे उन्हें एक बेटा (सिकंदर खेर) हुआ। अनुपम खेर ने सिकंदर खेर को अपना नाम और एक पिता का प्यार दिया।

Exit mobile version