19 फरवरी । भारतीय सिनेमा में जब भी ऐसी अभिनेत्रियों की बात होती है जिन्होंने अलग-अलग भाषाओं में अपने अभिनय के दम पर खास पहचान बनाई हो, तो उनमें अनुपमा परमेश्वरन का नाम जरूर लिया जाता है। तमिल, तेलुगु और मलयालम फिल्मों में लगातार मजबूत किरदार निभाकर अनुपमा ने साबित किया है कि वह गहराई भरे किरदारों को निभाने में भी पूरी तरह सक्षम हैं। अब एक बार फिर वह दर्शकों को चौंकाने के लिए तैयार हैं। इस बार वह साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म से जुड़ने जा रही हैं।
इस फिल्म का निर्देशन शान कर रहे हैं। शान और अनुपमा ने इससे पहले एक शॉर्ट फिल्म में साथ में काम किया था, जिसे दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली थी। उसी शानदार रिस्पॉन्स के बाद अब दोनों बड़े पर्दे पर दोबारा साथ काम करने जा रहे हैं। मेकर्स का दावा है कि यह फिल्म दर्शकों को एक अलग ही भावनात्मक अनुभव देगी।
फिल्म का नाम फिलहाल तय नहीं किया गया है, लेकिन अस्थायी नाम इसे ‘अनुपमा एक्स आरजे शान’ दिया गया है। इस प्रोजेक्ट को शिविन नारंग, प्रेरणा अरोड़ा और किरण बल्लापल्ली मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं।
सूत्रों ने आईएएनएस को बताया कि इस साइकोलॉजिकल थ्रिलर की शूटिंग मई से शुरू होने जा रही है। मेकर्स जल्द ही फिल्म के टाइटल और बाकी डिटेल्स को लेकर आधिकारिक घोषणा करने वाले हैं। कहानी पूरी तरह से मानसिक संघर्ष, रहस्य और अप्रत्याशित मोड़ों से भरी है। इसमें अनुपमा का किरदार दर्शकों को फिल्म के आखिर तक बांधे रखेगा।
निर्माता प्रेरणा अरोड़ा ने अनुपमा की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, ”अनुपमा आज के दौर की उन चुनिंदा अभिनेत्रियों में से हैं, जिनमें विश्वसनीयता, बहुमुखी प्रतिभा और दर्शकों से जुड़ने की क्षमता है। जब आज सिनेमा में भावनात्मक गहराई की जरूरत है, तब अनुपमा स्क्रीन पर एक सहज मजबूती और समझदारी लेकर आती हैं।”
उन्होंने अनुपमा का अपने प्रोडक्शन हाउस ‘एस के जी एंटरटेनमेंट’ परिवार में स्वागत किया।


Leave feedback about this