भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर देश का विरोध करने का आरोप लगाया है। उन्होंने दोनों नेताओं को महिला विरोधी और लोकतंत्र विरोधी बताते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष देश की संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने और जनता के बीच भय एवं भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी दुनियाभर में जाकर भारत को बदनाम करते हैं और देश में महिलाओं को उनका अधिकार देने के मुद्दे पर विरोध करते हैं।
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि राहुल गांधी और उनके साथी देश तथा दुनिया में भय और भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। यह लोकतंत्र को बदनाम करने का प्रयास है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस पार्टी ने देश में आपातकाल लगाया और लोकतंत्र की हत्या की, आज वही पार्टी वोट चोरी के आरोप लगा रही है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी का जिक्र करते हुए चुनाव से जुड़े पुराने विवादों और आरोपों का भी हवाला दिया।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव जैसे नेता महिला विरोधी और लोकतंत्र विरोधी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं की सरकारों के कार्यकाल में भी चुनावी अनियमितताओं को लेकर आरोप लगे थे। आज ये लोग जनता का विश्वास खो चुके हैं और इसी वजह से संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जनता अब विपक्ष की बातों पर भरोसा नहीं कर रही है। विपक्ष के नेता अपनी राजनीतिक असफलता को छिपाने के लिए झूठ, भय और भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।
भाजपा सांसद ने कहा कि बिहार में आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य जनता और युवाओं को जागरूक करना है। ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के संदेश के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ताकि आज की युवा पीढ़ी को आपातकाल के दौर और जयप्रकाश नारायण के संघर्ष के बारे में जानकारी मिल सके।
उन्होंने कहा कि बिहार की धरती हमेशा लोकतंत्र और सनातन के हित में खड़ी रही है। देश को बचाने के लिए यहां की जनता आज भी आगे आएगी। इससे पहले कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि बिहार की धरती को नमन करता हूं। यह वह भूमि है जिसने राजा जनक, चंद्रगुप्त मौर्य और सम्राट अशोक जैसे महान शासकों को जन्म दिया। बिहार का इतिहास देश की स्वतंत्रता, एकता और अखंडता के संघर्ष से जुड़ा रहा है।
उन्होंने 1857 की क्रांति का जिक्र करते हुए कहा कि जब अंग्रेजी शासन के खिलाफ विद्रोह का बिगुल बजा, तब 80 वर्षीय बाबू वीर कुंवर सिंह ने अंग्रेजों को चुनौती दी थी। इसी तरह 1975 में आपातकाल के दौरान 72 वर्षीय जयप्रकाश नारायण ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए आवाज उठाई और देश के करोड़ों युवाओं को एकजुट किया।
उन्होंने कहा कि जयप्रकाश नारायण ने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की सरकार की तानाशाही मानसिकता के खिलाफ आंदोलन खड़ा किया और देश में लोकतंत्र की बहाली के लिए संघर्ष किया। जब भी देश पर सीमा के भीतर या बाहर कोई संकट आया है, बिहार के वीरों ने हमेशा आगे बढ़कर योगदान दिया है। भाजपा सांसद ने विश्वास जताया कि लोकतंत्र और देशहित की रक्षा के लिए बिहार की जनता एक बार फिर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
