N1Live Entertainment ‘जय नायकन’ के अलावा इन बड़ी फिल्मों ने भी झेला पाइरेसी का दंश, बजट पर पड़ा असर
Entertainment

‘जय नायकन’ के अलावा इन बड़ी फिल्मों ने भी झेला पाइरेसी का दंश, बजट पर पड़ा असर

Apart from 'Jai Nayakan', these big films also faced the brunt of piracy, affecting their budgets.

12 अप्रैल । किसी भी फिल्म को बनाने में करोड़ों रुपये की लागत और कई लोगों की मेहनत लगती है। निर्माता के पैसे के अलावा, फिल्म के साथ कलाकारों और निर्देशक का करियर व सपने भी जुड़े होते हैं।

ऐसे में एक फिल्म कई लोगों के लिए बहुत खास और निर्माता के लिए मुनाफे का सौदा होती है। ऐसे में साउथ सिनेमा में करोड़ों के बजट में बनी फिल्मों का लीक होना सिनेमा के लिए घातक है।

हाल ही में साउथ के सुपरस्टार थलपति विजय की सबसे चर्चित और अंतिम तमिल फिल्म ‘जय नायकन’ लीक हुई है, जिसके बाद से साउथ सिनेमा के बड़े स्टार तिलमिलाए हुए हैं, लेकिन यह पहली बार नहीं है जब दक्षिण भारत की बड़े बजट की फिल्म लीक हुई है। पाइरेसी का दंश हिंदी सिनेमा और दक्षिण सिनेमा की कई फिल्में झेल चुकी हैं और हम आज सिर्फ साउथ सिनेमा की बात करेंगे।

अल्लू अर्जुन की फिल्म ‘पुष्पा 2: द रूल’ ने भले ही बॉक्स ऑफिस पर कमाई के सारे रिकॉर्ड्स को तोड़ दिया था लेकिन फिल्म रिलीज के कुछ घंटे बाद ही लीक हो गई थी। फिल्म का एचडी संस्करण टेलीग्राम और अवैध टॉरेंट साइटों पर अपलोड हो गया था और हर किसी पहुंच फिल्म तक आसान हो गई थी। मेकर्स ने सोशल मीडिया पर खुद बताया था कि इससे फिल्म के कलेक्शन पर भारी असर पड़ा था।

पाइरेसी और लीक का दंश यश और संजय दत्त अभिनीत ‘केजीएफ चैप्टर 2’ ने भी झेला। आधिकारिक तौर पर ट्रेलर रिलीज होने से पहले फिल्म का पोस्टर और टीजर भी लीक हो गया था। इसके साथ ही रिलीज के बाद फिल्म पाइरेसी का शिकार हुई और ओटीटी पर रिलीज से पहले ही फिल्म अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर आ चुकी थी। फिल्म के कुछ छोटे-छोटे वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे।

‘आरआरआर’ जैसी फिल्म को बनाने में राजामौली को 5 साल लगे, लेकिन फिल्म रिलीज के बाद पाइरेसी का शिकार हो गई। 500 करोड़ के बजट में बनी फिल्म का एचडी प्रिंट ऑनलाइन लीक हो गया था। फिल्म के गानों की झलक भी रिलीज से पहले सोशल मीडिया पर लीक हो गई थी। हालांकि बाद में मेकर्स ने पूरी सुरक्षा के साथ फिल्म को रिलीज किया, लेकिन फिर भी फिल्म पाइरेसी का शिकार हो गई.

बाहुबली और बाहुबली-2 के सीन भी सोशल मीडिया पर लीक हो गए थे। निर्देशक राजामौली ने कड़ा फैसला लेते हुए पोस्ट-प्रोडक्शन का काम तब तक के लिए रोक दिया गया था जब तक इस बात के पुख्ता इंतजाम नहीं हो जाते। फिल्म का क्लाइमेक्स सीन भी लीक हुआ था। शिकायत करने पर आंध्र प्रदेश पुलिस ने फुटेज चुराने के आरोप में विजयवाड़ा से एक डिजाइनर को भी गिरफ्तार किया था।

Exit mobile version